Headlines

अनुपम वस्त्रालय मामला: कौशल केड़िया और रविन्द्र तिवारी की गिरफ्तारी की मांग, भारत मुक्ति मोर्चा ने दी छत्तीसगढ़ बंद की चेतावनी…..

CG Samachar24.in

संचालक : -दीपक गुप्ता….✍️

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सामने आए अनुपम वस्त्रालय प्रकरण को लेकर भारत मुक्ति मोर्चा एवं सहयोगी संगठनों ने शासन – प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में धाराएं बढ़ाने की मांग की है। संगठन की ओर से महामहिम राज्यपाल, पुलिस महानिदेशक (DGP), पुलिस महानिरीक्षक (IG) सरगुजा रेंज, पुलिस अधीक्षक (SP) एवं कलेक्टर सरगुजा को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया है।

11 अगस्त की घटना का किया उल्लेख :-

ज्ञापन में संगठन ने दावा किया है कि बलरामपुर – रामानुजगंज जिले की निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग की एक महिला के साथ 11 अगस्त 2026 को अंबिकापुर स्थित अनुपम वस्त्रालय में कथित दुष्कर्म की घटना हुई थी। संगठन का कहना है कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी 21 सितंबर और 5 अक्टूबर 2026 को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं।

भारत मुक्ति मोर्चा ने मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कई मांगें प्रशासन के समक्ष रखी हैं।

कौशल केड़िया की गिरफ्तारी और धाराएं बढ़ाने की मांग :-

ज्ञापन में अनुपम वस्त्रालय के संचालक कौशल केड़िया के खिलाफ बलात्कार एवं SC/ST (Prevention of Atrocities) Act की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है। संगठन ने कहा है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर धाराओं की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

रविन्द्र तिवारी पर जातिगत टिप्पणी का आरोप :-

संगठन ने रविन्द्र तिवारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सार्वजनिक मीडिया के समक्ष अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय को लेकर कथित रूप से अभद्र एवं जातिगत टिप्पणी की। संगठन ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

दोबारा बयान को केस डायरी में शामिल करने की मांग :-

ज्ञापन में पीड़िता द्वारा पुलिस के उच्च जांच अधिकारी के समक्ष दिए गए कथित पुनः बयान को केस डायरी एवं विवेचना में विधिवत शामिल करने की मांग की गई है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

CCTV और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग :-

भारत मुक्ति मोर्चा ने अनुपम वस्त्रालय एवं आसपास लगे CCTV कैमरों, DVR/NVR, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखने तथा उनका निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही साक्ष्यों की chain of custody बनाए रखने की भी मांग की गई है, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका न रहे।

पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा पर जोर :-

ज्ञापन में पीड़िता एवं संभावित गवाहों को किसी भी प्रकार की धमकी, दबाव या जांच को प्रभावित करने के प्रयास से सुरक्षा देने की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हो और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो छत्तीसगढ़ बंद की चेतावनी :-

भारत मुक्ति मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि कौशल केड़िया और रविन्द्र तिवारी के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, तो संगठन द्वारा इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया जाएगा। संगठन ने इसकी जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस प्रशासन की होने की बात कही है।

इन पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन :-

ज्ञापन पर भारत मुक्ति मोर्चा एवं सहयोगी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की सहमति एवं हस्ताक्षर दर्ज बताए गए हैं। इनमें—

– अरविंद कछप — प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, भारत मुक्ति मोर्चा, छत्तीसगढ़
– सुनील खलखो — प्रदेश अध्यक्ष, भारत मुक्ति मोर्चा, छत्तीसगढ़
– श्यामसुंदर मरावी — प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद, छत्तीसगढ़
– विपिन कुमार वास्तविक — प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, छत्तीसगढ़
शामिल हैं।

नोट : – उपरोक्त आरोप एवं मांगें संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में किए गए दावों पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और अंतिम सत्यता संबंधित जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया से निर्धारित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top