सूरजपुर। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। हाथियों के हमलों में इंसानी मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सोनपुर की है, जहां कबरा कान नामक हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
पैरों तले कुचलकर छीन ली जिंदगी :-
मिली जानकारी के अनुसार, सोनपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे कबरा कान हाथी का सामना एक ग्रामीण से हो गया। इसी दौरान हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया और अपने पैरों तले कुचल दिया। हमले में ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल मृतक की पहचान और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
लगातार हो रही मौतों से वन विभाग की व्यवस्था पर सवाल…?? :-
कबरा कान हाथी के हमलों में लगातार हो रही इंसानी मौतों ने वन विभाग की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हाथियों की लगातार मौजूदगी और उनके खतरनाक व्यवहार के बावजूद ग्रामीणों की जान सुरक्षित क्यों नहीं रह पा रही है? क्या हाथियों की लोकेशन की जानकारी समय रहते ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था है? क्या संवेदनशील गांवों में पर्याप्त निगरानी और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है?
हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए खेतों में जाना, जंगल के रास्तों से गुजरना और रोजमर्रा के काम करना भी जोखिम भरा होता जा रहा है। ऐसे में केवल सामान्य चेतावनी जारी करना पर्याप्त नहीं है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।
अब ठोस कार्रवाई की दरकार :-
लगातार हो रही जनहानि के बीच वन विभाग से अपेक्षा है कि हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। संवेदनशील गांवों में समय पर अलर्ट जारी करने, प्रशिक्षित मैदानी अमले की तैनाती और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही पूर्व में हुई घटनाओं के बाद ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की भी समीक्षा होनी चाहिए।
कबरा कान हाथी के हमलों में लगातार जा रही ग्रामीणों की जान अब केवल वन्यजीव और मानव के बीच संघर्ष का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह ग्रामीणों की सुरक्षा और विभागीय जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। जरूरत है कि अगली किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय वन विभाग समय रहते प्रभावी कदम उठाए, ताकि किसी और परिवार का घर उजड़ने से बच सके।