रायपुर/सूरजपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। इसका असर अब छत्तीसगढ़ सहित देश के आठ राज्यों में दिखाई देने लगा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गुरुवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान की रफ्तार बुधवार को बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। गुरुवार सुबह यह ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से करीब 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था। तूफान की गतिविधियों के चलते पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट :-
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव सहित कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका है।
बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के विभिन्न इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। प्रशासन और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम खराब रहने के दौरान खुले स्थानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
सुकमा जिले में 21 और 22 नवंबर को भारी बारिश की संभावना :-
सुकमा जिले के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र रायपुर तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा द्वारा विशेष मौसम पूर्वानुमान एवं कृषि सलाह जारी की गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 18 से 22 नवंबर के दौरान जिले में 75 से 100 प्रतिशत तक बादल छाए रह सकते हैं। विशेष रूप से 21 और 22 नवंबर को भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
किसानों को धान की फसल सुरक्षित रखने की सलाह :-
संभावित भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। धान की फसल यदि कटाई की अवस्था में है, तो उसकी शीघ्र कटाई कर सुरक्षित एवं ढके हुए स्थान पर भंडारण करने को कहा गया है। कटी हुई फसल को खुले खेतों में छोड़ने से बचने की सलाह दी गई है।
किसानों को फिलहाल धान की उपज मंडी तक ले जाने की यात्रा स्थगित रखने तथा मौसम सामान्य होने के बाद ही परिवहन करने की सलाह दी गई है। गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों की बुवाई तथा सब्जियों की रोपाई आगामी तीन से चार दिनों तक टालने का परामर्श दिया गया है।
इसके अलावा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और बारिश के दौरान कीटनाशक एवं खरपतवारनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। टमाटर, केला और बेल वाली सब्जियों की फसलों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारा देने तथा पपीता एवं गोभी वर्गीय फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने को कहा गया है।
पशुपालक भी बरतें सावधानी :-
मौसम में बदलाव को देखते हुए पशुपालकों और मुर्गीपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पशुओं को बारिश, तेज हवा और ठंड से बचाने के लिए सुरक्षित एवं सूखे शेड में रखने, पशुशालाओं में जल निकासी की व्यवस्था करने तथा स्वच्छ पेयजल और सूखा चारा उपलब्ध कराने को कहा गया है। नवजात बछड़ों, मेमनों और बकरी के बच्चों की विशेष देखभाल करने की अपील की गई है।
आठ राज्यों में चक्रवात का असर, प्रशासन अलर्ट :-
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में मौसम को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ बारिश तथा समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है। तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में तूफान सीधे टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में 20 एवं 21 नवंबर को बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें। किसानों को भी अपनी फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने चाहिए।