बड़सरा और करौंदामुड़ा के किसानों को मिली बड़ी राहत, अब गांव के पास ही बेच सकेंगे धान….
CG Samachar24.in
संचालक : दीपक गुप्ता….. ✍️
सूरजपुर / भैयाथान। बड़सरा और करौंदामुड़ा के किसानों का दशकों पुराना इंतजार शनिवार को खत्म हो गया। ग्राम बड़सरा में नवीन धान उपार्जन केंद्र का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। अतिथियों ने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का पूजन कर धान खरीदी की शुरुआत की। इस दौरान धान बेचने पहुंचे चार किसानों का माला पहनाकर एवं लड्डू खिलाकर स्वागत किया गया। नया केंद्र शुरू होने से अब दोनों गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए पांच-छह किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों के समय, परिवहन खर्च और मेहनत की बचत होगी।
विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शुरू हुई खरीदी :-
शुभारंभ कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह एवं जिला किसान मोर्चा मंत्री प्रकाश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पंडित कमलेश दुबे ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके पश्चात अतिथियों सहित सोनू जायसवाल, रामाशंकर यादव, विनय जायसवाल, रामू गोस्वामी, सरपंच जगनारायण सिंह एवं बच्चा लाल कुशवाहा ने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का पूजन किया और धान खरीदी का शुभारंभ किया।
किसानों के लिए बड़ी राहत : राजीव प्रताप सिंह :-
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह ने कहा कि बड़सरा में धान खरीदी केंद्र शुरू होना क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत है। दशकों पुरानी मांग पूरी होने से अब किसानों को पांच-छह किलोमीटर दूर धान बेचने नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए भटगांव विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की आदान सहायता व्यवस्था से किसानों को धान की बिक्री के साथ अंतर की राशि का लाभ भी मिलेगा। यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
किसानों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी : प्रकाश दुबे :-
जिला किसान मोर्चा मंत्री प्रकाश दुबे ने कहा कि बड़सरा में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कई दशकों से की जा रही थी, जो आज पूरी हुई है। नवीन केंद्र की स्थापना में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू के प्रयास महत्वपूर्ण रहे। वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार के निर्णय से किसानों को स्थानीय स्तर पर धान बेचने की सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत धान बेचने की मात्रा और निर्धारित पात्रता के अनुसार अंतर की राशि मिलने से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। इससे किसानों पर अधिक धान बेचने और खाते में राशि बनाए रखने का दबाव भी कम होगा। उन्होंने किसानों की ओर से सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऐतिहासिक दिन, किसानों को मिलेगी सुविधा : विनय जायसवाल
विनय जायसवाल ने बड़सरा और करौंदामुड़ा के किसानों को नवीन धान खरीदी केंद्र की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। केंद्र शुरू होने से किसानों को लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। अब समय और परिवहन खर्च की बचत के साथ गांव के पास ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध होगी।
बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण रहे उपस्थित :-
कार्यक्रम का संचालन कुलदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर समिति प्रबंधक सोहराब अंसारी, सुशील साहू, विजय यादव, रक्षेंद्र प्रताप सिंह, श्याम नारायण साहू, रामनारायण यादव, अश्वनी जायसवाल, प्रीतम दुबे, अखिलेश्वर साहू, मुरारी साहू, निर्मल जायसवाल, मनीष यादव , प्रदीप यादव , अरविंद साहू , रोहित पांडेय सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।
CG Samachar24.in | जनहित की खबर, निष्पक्ष पत्रकारिता…..