Headlines

कालीबाड़ी बंगाली समिति की सभा में जमकर हंगामा: महिलाओं से अभद्रता, कवरेज करने पहुंचे 4 पत्रकारों से मारपीट; कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज….

वरिष्ठ पत्रकार की जेब में जबरन पर्स डालकर चोरी के मामले में फंसाने की कोशिश का आरोप, समिति के पदाधिकारियों के इस्तीफे की चर्चा से मचा हड़कंप….

पीड़ित सदस्यों को ही जारी किया गया कारण बताओ नोटिस, बंगाली समाज के एक वर्ग ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा; समिति में रजिस्ट्रार नियुक्त करने की उठी मांग….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी चौक स्थित ऐतिहासिक बंगाली कालीबाड़ी समिति (स्थापना वर्ष 1929) की वार्षिक जनसाधारण सभा उस समय विवादों में घिर गई, जब बैठक के दौरान सदस्यों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि सभा के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई। वहीं, घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे चार पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई। मामले में सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

मंदिर परिसर में हंगामा, कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर हमला :-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ पत्रकार माता काली के दर्शन के लिए मंदिर परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान सभा कक्ष से शोर-शराबे और गाली-गलौज की आवाजें सुनाई देने लगीं। मौके पर पहुंचने पर पत्रकारों ने महिलाओं के साथ कथित धक्का – मुक्की और अभद्र व्यवहार होते देखा।

बताया जा रहा है कि जब पत्रकारों ने मोबाइल और कैमरे से घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो वहां मौजूद 10 से 15 लोगों ने उन्हें रोकते हुए कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पत्रकारों से उनके मोबाइल छीनने की कोशिश की गई, एक पत्रकार का मोबाइल छीन लिया गया तथा दोबारा परिसर में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वरिष्ठ पत्रकार को चोरी के मामले में फंसाने की कोशिश का आरोप :-

इस पूरे घटनाक्रम में एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी का मामला भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक वरिष्ठ पत्रकार की पैंट की जेब में जबरन किसी अन्य व्यक्ति का पर्स डालने की कोशिश की गई, ताकि उन्हें चोरी के झूठे आरोप में फंसाया जा सके। इस दौरान उनके साथ झूमाझटकी किए जाने का भी आरोप है।

घटना के बाद पत्रकार जगत में नाराजगी देखी जा रही है। पत्रकारों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर :-

घटना के विरोध में बंगाली समाज के कई सदस्य सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। बताया गया कि समिति की महिला सदस्यों की शिकायत पर आशीष कांति घोष (पूर्व सचिव), आलोक डे, गौरव चक्रवर्ती, मिहिर गांगुली, शिशिर गांगुली, ऋतुराज सान्याल, रितेश चटर्जी, शिक्षेंदु सान्याल, गुंजन चक्रवर्ती, आकाश सेन शर्मा और अनिरुद्ध हाजरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत में संबंधित लोगों पर महिलाओं के साथ अभद्रता, मारपीट और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

समिति के भीतर बढ़ी नाराजगी, पदाधिकारियों के इस्तीफे की चर्चा :-

घटना के बाद बंगाली कालीबाड़ी समिति के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान भी खुलकर सामने आ गई है। सूत्रों के अनुसार, घटनाक्रम से नाराज होकर समिति के उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और एक कार्यकारिणी सदस्य द्वारा अपने पदों से इस्तीफा दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन इस्तीफों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

समिति की सदस्य प्रतिमा चक्रवर्ती और अमिताभ राजा घोष ने आरोप लगाया कि 13 जुलाई 2025 को आयोजित सभा में पूर्व युवा कार्यकारिणी सदस्य जयदीप चक्रवर्ती की सदस्यता बहाली का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रस्ताव को दबाने का प्रयास किया गया।

वहीं, सोहाना मोहंती ने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष द्वारा अपना वक्तव्य दिए जाने के दौरान ही पीछे से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी गई।

पीड़ितों को ही कारण बताओ नोटिस, समाज में आक्रोश :-

विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब आरोप सामने आए कि घटना के अगले दिन 13 नवंबर को समिति के वर्तमान पदाधिकारियों की ओर से उन्हीं सदस्यों और पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया, जिन्होंने घटना के संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी अथवा मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा था।

इस कार्रवाई को लेकर बंगाली समाज के एक वर्ग में नाराजगी है। उनका सवाल है कि यदि किसी सदस्य के साथ कथित तौर पर अभद्रता या मारपीट हुई है, तो उसकी शिकायत करने पर उसी सदस्य को नोटिस जारी करने का औचित्य क्या है?

समिति में प्रशासनिक हस्तक्षेप और रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग :-

बंगाली समाज के कुछ सदस्यों ने वर्तमान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समिति के कामकाज में पारदर्शिता लाने की मांग की है। उनका आरोप है कि समिति में लंबे समय से आंतरिक विवाद और अनियमितताओं को लेकर असंतोष बना हुआ है।

समाज के लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, समिति के दस्तावेजों और कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समिति में प्रशासनिक रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग उठाई है।

फिलहाल कालीबाड़ी बंगाली समिति का यह विवाद राजधानी में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और समिति प्रबंधन इस पूरे घटनाक्रम पर क्या आधिकारिक रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top