Headlines

छठ घाट के पास मिला तीन दिनों से लापता युवक का शव, इलाके में सनसनी…..

 

रिंगरोड किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिली बाइक मिस्त्री की लाश, मौत की वजह अब भी रहस्य; पुलिस जांच में जुटी….

सूरजपुर। शहर के रिंगरोड स्थित छठ घाट के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सतपाल सिंह चावला उर्फ राजू, पिता स्व. किशन सिंह चावला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। ऐसे में उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मूलतः चिरमिरी का निवासी था और वर्तमान में सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड (भट्टापारा) में रह रहा था। वह पेशे से बाइक मिस्त्री था। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले तीन दिनों से घर नहीं लौटा था। उसके अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

इसी बीच शनिवार सुबह रिंगरोड स्थित छठ घाट के पास सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, युवक की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच तेज कर दी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है तीन दिनों तक कहां था युवक और उसकी मौत कैसे हुई ।  

सबसे बड़ा सवाल यही है कि तीन दिनों से लापता युवक आखिर कहां था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

फिलहाल छठ घाट के पास युवक का शव मिलने की घटना ने पूरे इलाके में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top