निष्पक्ष सर्वे और पारदर्शी निर्धारण की उठाई मांग…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️
सूरजपुर। जिले के ग्राम पंचायत कुसमुसी के किसानों एवं ग्रामीणों ने केवरा-डुमरिया सड़क चौड़ीकरण के दौरान निजी भूमि के अधिग्रहण और मकानों के क्षतिग्रस्त होने के मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने अधिग्रहित की जा रही निजी भूमि के बदले नियमानुसार उचित मुआवजा देने तथा सड़क निर्माण की जद में आने वाले मकानों एवं अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन कर मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन विकास कार्यों के नाम पर प्रभावित किसानों और परिवारों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जिन किसानों की भूमि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। वहीं, सड़क चौड़ीकरण से आंशिक या पूर्ण रूप से प्रभावित होने वाले मकानों एवं अन्य संपत्तियों का भी उचित मूल्यांकन कर मुआवजा प्रदान किया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित भूमि और मकानों का निष्पक्ष सर्वे कराकर प्रत्येक प्रभावित परिवार को उसका उचित अधिकार दिलाया जाए। साथ ही मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए, ताकि किसी भी किसान या ग्रामीण को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और उचित मुआवजा नहीं दिया गया, तो वे अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।