16 अक्टूबर को शासन को भेजा गया था प्रस्ताव, 10 नवंबर से कटने लगे ऑनलाइन टोकन; पुराने केंद्र में ही दिख रहा गांव का नाम
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर/भैयाथान। प्रदेश में धान खरीदी शुरू करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 10 नवंबर से किसानों के ऑनलाइन टोकन भी कटने लगे हैं, लेकिन विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंदामुड़ा के किसानों की परेशानी अब तक दूर नहीं हो सकी है। गांव की मैपिंग पुराने शिवप्रसाद नगर उपार्जन केंद्र से हटाकर नवीन बड़सरा धान उपार्जन केंद्र में करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 16 अक्टूबर को शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बावजूद करीब एक माह बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर मैपिंग अपडेट नहीं हुई है। ऐसे में किसान असमंजस में हैं कि इस खरीदी सीजन में उन्हें नजदीकी बड़सरा केंद्र में धान बेचने की सुविधा मिलेगी या फिर पुराने केंद्र शिवप्रसाद नगर का ही चक्कर लगाना पड़ेगा।
दो हजार से अधिक किसानों का दबाव, दूरी भी बनी परेशानी :-
किसानों का कहना है कि शिवप्रसाद नगर धान उपार्जन केंद्र में पहले से ही दो हजार से अधिक किसानों का दबाव है। वहीं करौंदामुड़ा गांव से इस केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण धान परिवहन में अतिरिक्त खर्च और समय दोनों लगते हैं। गांव के समीप नवीन धान उपार्जन केंद्र बड़सरा स्वीकृत होने के बाद किसानों को उम्मीद थी कि इस सीजन से उन्हें नजदीकी केंद्र में धान बेचने की सुविधा मिल जाएगी, लेकिन मैपिंग में देरी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
जनदर्शन से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक लगाई गुहार :-
ग्राम करौंदामुड़ा के किसानों ने गांव (कृषक कोड 6403101) को शिवप्रसाद नगर उपार्जन केंद्र से हटाकर बड़सरा उपार्जन केंद्र (कोड 37000802) में शामिल करने की मांग की थी। इस संबंध में 12 अक्टूबर को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद 16 अक्टूबर को कलेक्टर खाद्य शाखा की ओर से संयुक्त सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को मैपिंग परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया। ग्रामीणों ने 18 अक्टूबर को सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अब तक पोर्टल पर करौंदामुड़ा की मैपिंग बड़सरा केंद्र में नहीं हो सकी है।
टोकन कटने लगे, लेकिन पोर्टल पर पुराना केंद्र ही दर्ज :-
10 नवंबर से धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन जारी होने शुरू हो गए हैं, लेकिन करौंदामुड़ा गांव की मैपिंग अब भी पुराने शिवप्रसाद नगर केंद्र में ही दिखाई दे रही है। ऐसे में किसानों को चिंता सता रही है कि कहीं इस बार भी उन्हें अधिक दूरी तय कर पुराने केंद्र में धान बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासन स्तर पर लंबित प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई कराकर पोर्टल में मैपिंग अपडेट कराई जाए, ताकि किसानों को अतिरिक्त परिवहन खर्च और अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।
अधिकारी बोले- कल तक इंतजार कीजिए, मैपिंग हो जाएगी :-
इस संबंध में खाद्य विभाग के जिला अधिकारी संदीप भगत से पत्रकारों द्वारा पूछा गया कि जब 16 अक्टूबर को ही मैपिंग परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया था, तो 10 नवंबर तक पोर्टल पर मैपिंग क्यों नहीं बदली गई? इस पर उन्होंने बताया कि शिवप्रसाद नगर समिति को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि आज फिर से समिति से बात की है। कल तक इंतजार कीजिए, मैपिंग हो जाएगी।
अब देखना यह होगा कि अधिकारी के आश्वासन के अनुसार करौंदामुड़ा के किसानों की मैपिंग बड़सरा उपार्जन केंद्र में अपडेट हो पाती है या फिर किसानों को इस बार भी पुराने केंद्र के भरोसे ही रहना पड़ेगा।