हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को पहुंचाया अस्पताल, टीम की मानवीय पहल की हो रही सराहना….
CG Samachar24.in
संपादकीय रिपोर्ट / दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर। जिले के करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहागपुर नाला के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सोहागपुर निवासी आनंद रजवाड़े गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोहागपुर नाला के पास दोनों बाइक सवारों के बीच अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आनंद रजवाड़े को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम में तैनात पेट्रोलिंग स्टाफ प्रेमनेद शर्मा एवं वाहन चालक आनंद राम ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराकर उपचार शुरू कराया गया। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
समय पर मदद बनी संबल :-
सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में हाईवे पेट्रोलिंग टीम की त्वरित पहल सराहनीय रही। टीम के सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मानवता की मिसाल पेश की। उनकी तत्परता से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।