नाले में गिरने से मौत बताकर पुलिस को किया गुमराह, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान से खुला राज….
CG Samachar24.in
संपादकीय रिपोर्ट / दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर।जिले के चेंद्रा चौकी क्षेत्र में पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने और फिर वारदात को हादसे का रूप देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पत्नी की मौत को नाले में पत्थर से गिरने के कारण लगी चोट बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की जांच, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी झूठी कहानी की पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
नाले में गिरने की सुनाई थी झूठी कहानी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पंडो ने 10 नवंबर को चेंद्रा चौकी में सूचना दी थी कि 9 नवंबर को वह अपनी पत्नी लक्षंती बाई के साथ महतारी वंदन योजना की राशि चेक कराने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों ग्राम टोमो स्थित अपने फूफा के घर जा रहे थे।
इसी दौरान शाम करीब 7 बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड़ के पास ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी नाले में पत्थर पर गिर गई, जिससे उसे अंदरूनी चोट लग गई और वह पानी में भीग गई।
आरोपी के मुताबिक, वह पत्नी को नाले से उठाकर पास में ही एक व्यक्ति के मवेशी बांधने के बथान के समीप आम के पेड़ के नीचे ले गया और उसकी सिकाई करने लगा। रात करीब 11 बजे जब उसने पत्नी को छूकर देखा तो उसकी सांसें बंद थीं। इसके बाद उसने पत्नी की मौत नाले में गिरने से लगी चोट के कारण होना बताया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की पोल
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। इस दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने से नहीं हुई थी, बल्कि उसके शरीर पर बेरहमी से की गई मारपीट के कारण आई अंदरूनी चोटें मौत की वजह बनीं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पति लालू प्रसाद पंडो ने ही लात-मुक्कों से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने वारदात को हादसे का रूप देने के लिए पुलिस के सामने झूठी कहानी गढ़ी और सच्चाई छिपाने का प्रयास किया।
आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लालू प्रसाद पंडो (35 वर्ष) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी चेंद्रा सुमंत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाड़े, आरक्षक मनोज जायसवाल, जगत पैकरा, कमलेश्वर सिंह एवं गिरजाशंकर की सक्रिय भूमिका रही।
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा की गंभीरता और रिश्तों में बढ़ती क्रूरता को उजागर किया है।