सड़क हादसे में पत्नी की मौत के बाद से गम में था पति विद्युत टावर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, माता-पिता के निधन से 5 और डेढ़ साल के दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया….
CG Samachar24.in
संपादकीय रिपोर्ट / दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। करीब 25 दिन पहले सड़क हादसे में पत्नी को खोने के बाद गहरे सदमे में रह रहे पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के निधन के बाद पति की मौत से पूरा परिवार उजड़ गया है। वहीं, महज 5 वर्ष और डेढ़ वर्ष के दो मासूम बच्चे माता-पिता दोनों के साये से वंचित हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुबेरपुर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल (28 वर्ष) बीते 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर से इलाज कराकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान कुबेरपुर चौक के पास क्रशर की गिट्टी लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
हादसे के बाद जमकर हुआ था बवाल :-
महिला की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश – छत्तीसगढ़ मार्ग पर घंटों चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, घटना के दिन देर शाम गुस्साए लोगों ने क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांट, ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी में आग लगा दी थी। हालात को नियंत्रित करने में पुलिस एवं प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बीच सरगुजा संभाग के कमिश्नर ने बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार को निलंबित कर दिया था। इस मामले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी आपत्ति जताई थी।
पत्नी के वियोग में टूट गया था पति :-
इधर, पत्नी चंद्रावती की असमय मौत के बाद से संजय जायसवाल गहरे सदमे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह पत्नी की मौत से काफी परेशान था। इसी बीच बुधवार की देर रात उसने घर के पीछे स्थित विद्युत टावर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महज 25 दिनों के भीतर एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया। अब 5 वर्ष और डेढ़ वर्ष के दो मासूम बच्चों के सामने भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। माता-पिता दोनों को खोने वाले इन बच्चों का दर्द पूरे क्षेत्र को झकझोर रहा है।
एक सड़क हादसे ने पहले मां को छीना और फिर परिवार को ऐसा गहरा जख्म दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।