Headlines

करौंदामुड़ा के किसानों को बड़ी राहत, अब बड़सरा केंद्र में बेच सकेंगे धान……

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर एक महीने से लंबित मैपिंग का मामला सुलझा, पोर्टल पर हुआ अपडेट , किसानों ने जताया आभार…..

CG Samachar24.in

दीपक गुप्ता संपादकीय रिपोर्ट… ✍️

सूरजपुर / भैयाथान। धान खरीदी शुरू होने के बीच करौंदामुड़ा गांव के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब गांव के किसान अपना धान नजदीकी नवीन बड़सरा धान उपार्जन केंद्र में बेच सकेंगे। करीब एक महीने से एनआईसी रायपुर में लंबित गांव की मैपिंग का मामला कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल के बाद आखिरकार सुलझ गया। गुरुवार को पोर्टल पर करौंदामुड़ा गांव की मैपिंग बड़सरा उपार्जन केंद्र में अपडेट कर दी गई।

शिवप्रसाद नगर केंद्र से जुड़ी थी मैपिंग :

जानकारी के अनुसार, करौंदामुड़ा गांव के किसानों की मैपिंग पूर्व में शिवप्रसाद नगर धान उपार्जन केंद्र में की गई थी। जबकि गांव के नजदीक ही बड़सरा में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत हो चुका था। इसके बावजूद मैपिंग में बदलाव नहीं होने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ रही थी।

ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर प्रशासन की ओर से 16 अक्टूबर को मैपिंग परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन करीब एक महीने बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर बदलाव नहीं हो सका था। इससे परेशान ग्रामीण बुधवार को कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निवास पहुंचे और अपनी समस्या से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने मंत्री के सामने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें पुल-पुलिया और सीसी सड़क जैसी सुविधाओं से पहले अपने गांव की मैपिंग बड़सरा नवीन धान उपार्जन केंद्र में कराई जाए, ताकि किसानों को धान बेचने के लिए अनावश्यक परेशानी और लंबी दूरी का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके बाद उन्होंने एनआईसी रायपुर के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर मैपिंग में आवश्यक बदलाव कराने की पहल की। जिसका परिणाम गुरुवार को सामने आया और पोर्टल पर करौंदामुड़ा की मैपिंग बड़सरा केंद्र में अपडेट कर दी गई।

किसानों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता : मंत्री

इस संबंध में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता किसान हैं। नए धान उपार्जन केंद्र खोलने का उद्देश्य किसानों को उनके गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे में मैपिंग की वजह से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मैपिंग अपडेट होने की पुष्टि होते ही करौंदामुड़ा के ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष राम रूप देवांगन, विजय यादव, किसान कुलदीप सिंह, सुग्रीव कुशवाहा, सुरेश जायसवाल, महेश कुशवाहा एवं बच्चूलाल कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top