सूरजपुर । जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अजबनगर के कोइलीजोर में शुक्रवार की सुबह बच्चा चोर होने की अफवाह ने देखते ही देखते पूरे गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। इस दौरान बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को ग्रामीणों ने घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। दोनों युवक बार-बार सफाई देते रहे कि वे बच्चा चोरी करने नहीं, बल्कि गांव में सामान बेचने आए हैं, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। बाद में ग्रामीणों ने दोनों को जयनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अंबिकापुर के दरिमा मार्ग किनारे रहने वाले राम राज महावत पिता चंदर महावत अपने चचेरे भाई के साथ बाइक से ग्राम कोइलीजोर पहुंचे थे। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मालवीयनगर सिद्धौर के निवासी बताए जा रहे हैं। वे गांव में अंगूठी के नग और माला के लॉकेट बेचने का काम करते हैं।
बताया जा रहा है कि अजबनगर के कोइलीजोर में आश्रम के पास दोनों युवकों ने कथित तौर पर चार छोटे बच्चों को बिस्किट और चॉकलेट खिलाने के बहाने अपने पास बुलाया था। इसी दौरान दो बच्चे शोर मचाते हुए वहां से भाग निकले। इसके बाद गांव में तेजी से यह अफवाह फैल गई कि दोनों युवक दो बच्चियों को बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहे थे।
अफवाह फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ ने दोनों युवकों को घेर लिया और उनकी सरेआम पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों के आक्रोश के चलते दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। इस दौरान दोनों लगातार खुद को निर्दोष बताते रहे, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
पुलिस ने अस्पताल में कराया इलाज : –
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों को जयनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बच्चा चोरी की अफवाह फैलने के बाद निर्दोष लोगों को भीड़ द्वारा निशाना बनाए जाने की घटनाएं सरगुजा संभाग में पहले भी सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर अफवाहों पर भरोसा कर कानून हाथ में लेने की गंभीर प्रवृत्ति को उजागर करती है।