Headlines

सड़क पर अचानक सामने आया दंतैल हाथी, बाइक छोड़कर भागे ग्रामीण , सूंड से पटककर वाहन किया क्षतिग्रस्त……

सरकारी वाहन की बैटरी खराब, जंगल में गश्त और गांवों में मुनादी प्रभावित; दो महीने से टाइगर रिजर्व क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी…..

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

अंबिकापुर / सूरजपुर / बिहारपुर। सरगुजा जिले में एक ओर कबरा हाथी की दहशत से लोग परेशान हैं। उसे ट्रैंकुलाइज करने के लिए पूरा वन अमला जुटा हुआ है, लेकिन तीसरे दिन भी टीम को सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पर अचानक दंतैल हाथी के आ जाने से बाइक सवार तीन ग्रामीणों की जान पर बन आई। हाथी को सामने देखकर ग्रामीण बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। इस दौरान हाथी ने एक बाइक को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं भागने के दौरान एक ग्रामीण का मोबाइल फोन भी टूट गया। दूसरी ओर वन विभाग का सरकारी वाहन खराब होने के कारण नियमित गश्त और निगरानी प्रभावित हो रही है।

सांकेतिक तस्वीर (AI Genereted)

दो अलग-अलग स्थानों पर हाथियों से हुआ सामना :-

पहली घटना रविवार सुबह करीब 8:30 बजे तिरसूल पथल के पास हुई। पिंटू सिंह और धर्मचंद रसौकी से बाइक पर सवार होकर बिहारपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक दंतैल हाथी दिखाई दिया। हाथी को सामने देखकर दोनों ग्रामीण घबरा गए और बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वहीं दूसरी घटना सुबह करीब 9 बजे बरगा नदी किनारे रामघाट के पास हुई। रसौकी निवासी हिमत गिरी पिता कृष्णा गिरी बाइक से बिहारपुर होते हुए बैढ़न की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक उनका सामना दंतैल हाथी से हो गया। हाथी को अपनी ओर आता देखकर उन्होंने बाइक छोड़ दी और पहाड़ी की ओर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद हाथी ने बाइक को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दो माह से विचरण कर रहे हाथी :-

गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान एवं तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में पिछले करीब दो महीने से जंगली हाथियों का लगातार विचरण बना हुआ है। रसौकी से बिहारपुर तथा कोरिया जिले की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर अचानक हाथियों के सामने आ जाने से राहगीरों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।

सरकारी वाहन की बैटरी खराब, गश्त प्रभावित :-

गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के महुली कार्यालय में विभागीय सरकारी वाहन मौजूद है, लेकिन उसकी बैटरी खराब होने के कारण वाहन चालू नहीं हो पा रहा है। इसके चलते जंगल में सर्चिंग करने और हाथी प्रभावित गांवों में पहुंचकर मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क करने में कर्मचारियों को परेशानी हो रही है।

इस संबंध में वनपाल सूर्यभान सिंह ने बताया कि उन्हें दोनों घटनाओं की जानकारी मिली है। विभागीय सरकारी वाहन की बैटरी खराब होने के कारण वाहन चालू नहीं हो पा रहा है। इससे लगातार सर्चिंग और गांवों में मुनादी करने में परेशानी हो रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। जल्द ही वाहन को सुधरवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top