21 राज्यों के 150 मामलों से जुड़ा है कनेक्शन, आरोपियों को कमीशन के रूप में मिले थे 13 लाख रुपए…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर। जिले में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। देश के 21 राज्यों में दर्ज 150 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े एक बैंक खाते के माध्यम से 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपए के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। मामले में सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में एक सामूहिक बैंक खाता खुलवाया था। इसी खाते में देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन हुआ। इस संबंध में 21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने विभिन्न थानों में शिकायत दर्ज कराई थी।
कमीशन के लालच में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन :-
जांच में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में करीब 13 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की रकम का लेन-देन हुआ था। इसके बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपए कमीशन के रूप में मिले थे। पुलिस के अनुसार इस रकम में देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपए, अमन पासवान को 2 लाख रुपए और जिशान रजा को 2.5 लाख रुपए मिले थे।
कांकेर और सूरजपुर के दो आरोपी गिरफ्तार :-
एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच कर रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमन पासवान (32 वर्ष), निवासी पंखाजूर जिला कांकेर तथा जिशान रजा (30 वर्ष), निवासी नवापारा सूरजपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस प्रकरण की विवेचना कर रही है।
सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई से देशभर में फैले साइबर ठगी के नेटवर्क और बैंक खातों के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है।