Headlines

प्रतापपुर में बैंक से निकाले 2 लाख रुपये की उचक्कागिरी, दो आरोपी गिरफ्तार….

 

1 लाख 37 हजार रुपये नगद बरामद, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी…..

CG Samachar24.in

संचालक: – दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर/प्रतापपुर। प्रतापपुर में बैंक से रुपये निकालकर जा रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाकर 2 लाख रुपये की उचक्कागिरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 37 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

बैंक से रुपये निकालकर झोले में रखे थे :-

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मानपुर खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर 2026 को वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG 15 CX 9297 से प्रतापपुर आया था। यहां सहकारी बैंक और स्टेट बैंक से कुल 2 लाख रुपये निकालकर प्लास्टिक के झोले में रखे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उचक्कागिरी कर रुपये चोरी कर लिए।

रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रतापपुर में धारा 303(2), 3(5), 112 एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस :-

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जिला जशपुर रवाना की गई। टीम ने बगीचा क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25 वर्ष), निवासी झकड़पुर, स्कूलपारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर तथा रोहित यादव (34 वर्ष), पिता सुंदर यादव, निवासी ग्राम जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है।

मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाए थे रुपये

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MW 3648 की सीट के नीचे 1 लाख रुपये छिपाकर रखे थे, जबकि 37 हजार रुपये सफेद गमछे में रखे गए थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 1 लाख 37 हजार रुपये नगद बरामद किए और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका :-

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर दिनेश पुरैना, एएसआई योगेन्द्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, अशोक कनौजिया, राजेश तिवारी और नौशाद की सक्रिय भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top