बच्चों की पढ़ाई, दस्तावेज और रोजगार पर जोर; 54 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, एक व्यक्ति मिला पॉजिटिव…..
CG Samachar 24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर। विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम बसकर के डालाबहरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत बीते शुक्रवार को कलेक्टर रेना जमील भिक्षावृत्ति से जुड़े परिवारों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने परिवारों को भिक्षावृत्ति छोड़कर स्थायी एवं सम्मानजनक आजीविका के विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए स्थायी रोजगार और आजीविका बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी रुचि, कौशल और आजीविका से जुड़ी जरूरतों पर चर्चा की तथा उनकी परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा राशन, स्वास्थ्य, रोजगार और शिक्षा सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज तैयार कर इन योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। प्रशासन द्वारा दस्तावेज बनवाने और योजनाओं से जोड़ने में आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर :-
कलेक्टर रेना जमील ने बच्चों के माता-पिता से बातचीत कर उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने स्कूल छोड़ चुके बच्चों से भी चर्चा की और पढ़ाई छोड़ने के कारणों की जानकारी ली। साथ ही बच्चों को दोबारा स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को बालक – बालिकाओं का विद्यालय में पुनः प्रवेश सुनिश्चित करने तथा उनकी नियमित पढ़ाई में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए। बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी परिवारों को जागरूक किया गया।
कलेक्टर ने कम उम्र में विवाह और किशोरावस्था में गर्भधारण से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी देते हुए निर्धारित आयु पूरी होने के बाद ही विवाह करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और बच्चों को कम उम्र में विवाह के बजाय शिक्षा तथा बेहतर भविष्य के अवसर दिए जाने चाहिए।
दस्तावेज बनवाकर योजनाओं से जोड़ने की पहल :-
कलेक्टर ने परिवारों से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पात्र परिवार आवश्यक कार्ड एवं दस्तावेज बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
परिवारों ने इस दौरान अपनी विभिन्न समस्याएं और जरूरतें कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने उनकी बातें गंभीरता से सुनीं और उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
वन धन विकास केंद्र से रोजगार के अवसर :-
वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने भी परिवारों से संवाद किया। उन्होंने वन विभाग की गतिविधियों से जुड़कर रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वन धन विकास केंद्र के माध्यम से काम के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं तथा कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने परिवारों से इन अवसरों का लाभ उठाकर नियमित आजीविका की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
योजनाओं की दी गई जानकारी, 54 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग :-
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। परिवारों को महतारी जतन योजना, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, श्रम कार्ड सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया। श्रम पंजीयन के बाद पात्रता के अनुसार मृत्यु, दिव्यांगता, पेंशन, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए उपलब्ध शासकीय सहायता के बारे में भी परिवारों को अवगत कराया गया। बीएमओ राकेश सिंह की टीम ने मोहल्ले में 54 लोगों की एक्स-रे आधारित टीबी स्क्रीनिंग की, जिसमें एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया।
अधिकारियों ने परिवारों को आश्वस्त किया कि पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन आवश्यक सहयोग करेगा।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी भैयाथान चांदनी कंवर, जनपद सीईओ विनय कुमार गुप्ता, तहसीलदार उमेश कुशवाहा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी फुलसाय मरावी, परियोजना अधिकारी नितेश रंजन, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी राकेश सिंह तथा नरेगा अधिकारी ओम तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।