सुरक्षित मातृत्व अभियान: सूरजपुर में 1180 गर्भवती महिलाओं की जांच, 123 हाई रिस्क श्रेणी में…..

 

जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक चला स्वास्थ्य जांच अभियान, 106 महिलाओं की हुई सोनोग्राफी….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। सुरक्षित मातृत्व के लिए कलेक्टर रेना जमील के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व जांच, संतुलित पोषण, आवश्यक दवाइयों तथा प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी साझा की गई। जिले में वर्तमान में जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों तथा रेडियोलॉजिस्ट के सहयोग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

अभियान अंतर्गत 24 सितंबर को 1180 महिलाओं की जांच की गई। इसमें 123 महिलाओं की उच्च जोखिम वाली गर्भवती के रूप में पहचान की गई तथा 106 महिलाओं की सोनोग्राफी की गई।

भैयाथान में 257 गर्भवती महिलाओं की जांच :-

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों भैयाथान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की कुल 257 गर्भवती माताएं स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। अभियान के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक लैब जांच की गई।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जांच के दौरान पूरे ब्लॉक में 21 गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम वाली माताओं के रूप में चिन्हित किया गया, ताकि उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक स्वस्थ एवं पात्र लोग आगे आकर रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top