सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 16 लाख रुपए लेने का आरोप, पीड़ित ने थाने में की शिकायत….

बेटे, बहू और नाती को नौकरी दिलाने का दिया था कथित झांसा, बैंक स्टेटमेंट के साथ पुलिस से कार्रवाई की मांग….

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर कथित रूप से 16 लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। ग्राम तेजपुर निवासी बिरंजन ने मामले की शिकायत रामानुजनगर थाने में करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष रुपए दिए जाने के प्रमाण के तौर पर बैंक स्टेटमेंट की छायाप्रति भी प्रस्तुत की है।

पति-पत्नी पर नौकरी लगाने का झांसा देने का आरोप :-

पुलिस को 24 सितंबर को दिए गए आवेदन में शिकायतकर्ता बिरंजन ने आरोप लगाया है कि बृजलाल लकड़ा और उसकी पत्नी संतोषी लकड़ा ने उसके बेटे, बहू और नाती को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में अलग-अलग तारीखों पर बैंक के माध्यम से दोनों को कुल 16 लाख रुपए दिए गए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि राशि लेने के बाद उसे नौकरी लगवाने का भरोसा दिया जाता रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं हुई। इसके बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी जाने लगी।

पहले भी शिकायत करने का किया गया उल्लेख :-

आवेदन में शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि मामले को लेकर पूर्व में भी थाने में शिकायतें दी गई थीं। साथ ही अगस्त 2025 में साइबर थाना सूरजपुर में शिकायत किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।

एफआईआर और रकम वापस दिलाने की मांग :-

बिरंजन ने थाना प्रभारी रामानुजनगर से बृजलाल लकड़ा और संतोषी लकड़ा के विरुद्ध शिकायत की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कथित रूप से दिए गए 16 लाख रुपए वापस दिलाने का भी अनुरोध किया गया है। शिकायत के साथ बैंक स्टेटमेंट की छायाप्रति पुलिस को सौंपी गई है।

फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान :-

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर पैसे मांगे जाने पर बिना सत्यापन के राशि नहीं देनी चाहिए तथा संदिग्ध मामले में तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top