छत की शीट उखाड़कर दुकान में घुसे थे चोर, 12 मोबाइल व 3 ब्लूटूथ बरामद; वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक जब्त….
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर । जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली स्थित मुस्कान मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में छत की शीट उखाड़कर की गई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। बीट पुलिसिंग के जरिए पुलिस ने चोरी की वारदात से जुड़े पांच आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें चार नाबालिग और एक बालिग शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर 12 मोबाइल फोन, 3 ब्लूटूथ डिवाइस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त सामान एवं वाहन की कुल कीमत करीब 3 लाख 7 हजार 486 रुपए आंकी गई है।
दुकान संचालक गोपाल कुशवाहा ने 18 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान की छत की शीट उखड़ी हुई मिली। अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और करीब 98 हजार रुपए के मोबाइल फोन व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन और एसडीओपी अभिषेक पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
मोबाइल बेचने निकले तो पुलिस के हत्थे चढ़े संदिग्ध :-
जांच के दौरान मोबाइल फोन बेचने के प्रयास में घूम रहे संदिग्धों के संबंध में पुलिस को सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में चोरी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई। इसके बाद अपाचे मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। बांस की बल्ली और रस्सी के सहारे दुकान की छत तक पहुंचे और शीट व ईंट हटाकर एक आरोपी को दुकान के भीतर भेजा। अंदर पहुंचने के बाद मोबाइल फोन और ब्लूटूथ उपकरणों को प्लास्टिक में रखकर छत के रास्ते बाहर निकाला गया। चोरी किए गए सामान को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था।
12 मोबाइल और 3 ब्लूटूथ समेत बाइक बरामद :-
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 12 मोबाइल फोन, 3 ब्लूटूथ डिवाइस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की। बरामद सामान एवं वाहन की कुल कीमत 3,07,486 रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका :-
चोरी का खुलासा करने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक कुमार दूबे, राजेंद्र एक्का, आरक्षक सुशील तिवारी, अंबिका मरावी, रवि पांडेय, सुरेश साहू, हरीशंकर सिंह, बिजेश राजवाड़े सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।