बिजली विभाग के दफ्तर में घुसकर JE से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, पिता-पुत्रों समेत 3 पर अपराध दर्ज…

दुकान का बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज थे आरोपी, शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के सूरजपुर मानपुर स्थित कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे कनिष्ठ अभियंता के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कनिष्ठ अभियंता की लिखित शिकायत और घटना के वीडियो के आधार पर सूरजपुर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के पिता और दो बेटों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुकान का बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज थे आरोपी :-

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार प्रार्थी अनुराग सिन्हा, उम्र 35 वर्ष, निवासी सत्तीपारा अंबिकापुर, वर्तमान में सूरजपुर शहर वितरण केंद्र में कनिष्ठ अभियंता के पद पर पदस्थ हैं। 24 सितंबर को शाम करीब 4:40 बजे वे मानपुर स्थित कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 04, नमदगिरी रोड निवासी अनिल कुमार गुप्ता अपने दो बेटों अंकुश गुप्ता और अंकुर उर्फ अंकित गुप्ता के साथ कार्यालय पहुंचे।

आरोप है कि तीनों ने दुकान का विद्युत कनेक्शन काटने के लिए लाइनमैन भेजे जाने को लेकर कनिष्ठ अभियंता से विवाद शुरू कर दिया। इस पर जेई ने उन्हें बताया कि वरिष्ठ कार्यालय से स्थायी विच्छेदन का आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद तीनों कथित रूप से आक्रोशित हो गए।

कार्यालय में हंगामा, सहकर्मियों ने कराया बीच-बचाव :-

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने कनिष्ठ अभियंता के साथ अभद्र गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शासकीय कार्य भी प्रभावित हुआ। कार्यालय में मौजूद सहकर्मियों नवनीत सिंह, बी.एस. मरकाम और विक्रम सिंह ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभाला और आरोपियों को कार्यालय से बाहर कराया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देते हुए दिखाई देने की बात कही जा रही है।

फर्जी दस्तावेज से दवा लाइसेंस लेने का भी आरोप :-

मामले में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी अंकुश गुप्ता द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज के आधार पर प्राप्त दवा विक्रय लाइसेंस को खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा कुछ माह पूर्व निरस्त किया जा चुका है। इसी दुकान का विद्युत कनेक्शन काटे जाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। इस संबंध में विभागीय कार्रवाई के दस्तावेजों की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध :-

घटना के बाद कनिष्ठ अभियंता अनुराग सिन्हा ने सूरजपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर अंकुश गुप्ता, अंकुर उर्फ अंकित गुप्ता तथा अनिल कुमार गुप्ता के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और धमकी सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में दर्ज अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top