रात्रि गश्त से लेकर थाने के अभिलेखों तक की जांच, पुलिस जवानों की समस्याएं सुनीं; बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश , 21 सिंतबर की रात झिलमिली थाना पहुंचे थे पुलिस अधीक्षक….
CG Samachar24.in
संपादकीय रिपोर्ट / दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर। जिले में कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने 21 सितंबर की देर रात थाना झिलमिली का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में सक्रियता देखने को मिली। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, पुलिसिंग से संबंधित व्यवस्थाओं तथा विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र की बुनियादी जानकारी, अपराधों का रिकॉर्ड, घटनाओं का समय एवं विवरण सहित महत्वपूर्ण जानकारियों को नोटबुक में दर्ज किए जाने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस जवानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी सुनीं तथा आवश्यकतानुसार उनके निराकरण का भरोसा दिलाया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं सजगता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यप्रणाली से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है। अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस को लगातार सक्रिय रहकर कार्य करना आवश्यक है।
रात्रि गश्त व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में संचालित रात्रि गश्त व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। गश्त में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, उनके भ्रमण क्षेत्र तथा संवेदनशील स्थानों की निगरानी के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त प्रभावी एवं सतर्क तरीके से संचालित की जाए।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों की निगरानी के साथ-साथ दिन एवं रात के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
सीसीटीएनएस और थाने के रिकॉर्ड की जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न पंजियों एवं रोजनामचा का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही सीसीटीएनएस कार्य एवं उसमें नियमित रूप से की जाने वाली एंट्री की स्थिति की भी जांच की।
उन्होंने निगरानी बदमाशों की चेकिंग, थाने में संधारित विभिन्न अभिलेखों में दर्ज प्रविष्टियों तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। पुलिसिंग व्यवस्था में रिकॉर्ड का व्यवस्थित और अद्यतन रहना आवश्यक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जवानों की समस्याएं सुनीं, बेहतर कार्य के लिए किया प्रोत्साहित
पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों से सीधे संवाद कर क्षेत्र में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी ली। जवानों ने अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। एसपी ने आवश्यकतानुसार निराकरण का आश्वासन देते हुए सभी पुलिसकर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यप्रणाली से आमजन के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार सजग रहकर कार्य करना होगा।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी झिलमिली उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी सहित थाना के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।