SECL में नौकरी का झांसा देकर 3.55 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र से खुला राज”

खुद को SECL अधिकारी बताकर युवक से ऐंठे रुपए, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दो अन्य की तलाश जारी…..

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर/जरही। जिले के खड़गवां चौकी क्षेत्र से SECL में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को SECL का अधिकारी बताकर एक युवक को नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और उससे 3 लाख 55 हजार रुपये ले लिए गए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। जब युवक नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी ज्वाइन करने पहुंचा तो उसे पत्र के फर्जी होने की जानकारी हुई।

इसके बाद ग्राम माझापारा निवासी ललित राम ने खड़गवां चौकी में मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एमसीबी जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर चौकी के घाटपारा सरभोका निवासी निलेश पाल एवं उसके दो साथियों ने SECL में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे 3 लाख 55 हजार रुपये लिए थे।

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर किया भरोसा कायम :-

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने स्वयं को SECL अधिकारी बताकर उसे अपने विश्वास में लिया। नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपियों ने उसे नियुक्ति पत्र दिया। युवक जब उक्त नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी ज्वाइन करने पहुंचा तो उसे पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत के आधार पर खड़गवां चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 338 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार :-

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद खड़गवां चौकी पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी संसाधनों की मदद से मुख्य आरोपी निलेश पाल, पिता स्व. पिंटू पाल, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ललित राम से फोन-पे और नगद रकम लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी :-

पुलिस मामले में शामिल आरोपी के दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही ठगी में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों, रकम के लेन-देन और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में खड़गवां चौकी प्रभारी मनोज सिंह एवं उनकी पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top