प्रधानपाठक की कुएं में मिली लाश, रात में बेटे से कहा था—‘नींद नहीं आ रही, तनाव में हूं’

 

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर/रामानुजनगर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दवना में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शासकीय मिडिल स्कूल द्वारिकापुर में पदस्थ प्रधानपाठक सुखलाल सिंह का शव घर के पास स्थित कुएं में मिला। उनका मोबाइल फोन कुएं के पास ही पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे सुखलाल सिंह के बेटे राहुल की अपने पिता से बातचीत हुई। राहुल के मुताबिक पिता ने नींद नहीं आने और तनाव में रहने की बात कही थी। बातचीत के कुछ देर बाद सुखलाल सिंह दोबारा बिस्तर पर लेट गए, जिसके बाद राहुल भी दूसरे कमरे में जाकर सो गया।

सुबह करीब 6 बजे राहुल ने कमरे में जाकर देखा तो पिता बिस्तर पर नहीं थे। मोबाइल फोन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पास स्थित कुएं के समीप सुखलाल सिंह का मोबाइल पड़ा मिला।

आशंका होने पर परिजनों ने कुएं में झग्गर डालकर तलाश की, जिसमें शिक्षक का शव फंस गया। इसके बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

तनाव में रहने की बात आई सामने :-

परिजनों के अनुसार सुखलाल सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहते थे और उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि संभवतः सुबह पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से वे कुएं में गिर गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हुई होगी।

हालांकि शिक्षक कुएं में दुर्घटनावश गिरे या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रधानपाठक सुखलाल सिंह के आकस्मिक निधन से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं उनके विद्यालय के शिक्षक साथियों एवं सहकर्मियों में भी शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top