सूरजपुर/भैयाथान। ग्राम पंचायत बड़सरा के पतेरापारा में सड़क को राजस्व नक्शे में इंगित कराने की मांग को लेकर किसान नेता रक्षेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा दिए गए आवेदन पर राजस्व विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसील कार्यालय भैयाथान से जारी दस्तावेज के अनुसार संबंधित प्रकरण में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व विभाग द्वारा नक्शे की शीट पर सड़क को अंकित कर दिया गया है। वहीं अब सड़क का नक्शा ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिस पर विभागीय प्रक्रिया जारी है।
किसान नेता रक्षेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पतेरापारा की सड़क को राजस्व नक्शे में दर्ज कराने के लिए उनके द्वारा आवेदन किया गया था, जिस पर विभाग द्वारा सकारात्मक रूप से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शीट पर सड़क का नक्शा अंकित होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और ऑनलाइन नक्शा दर्ज होने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
जिला पंचायत सदस्य का जताया आभार :-
रक्षेन्द्र प्रताप सिंह ने इस कार्य में अपना पूर्ण समर्थन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने की पहल में श्री सिंह का सहयोग एवं समर्थन मिला है।
अब ग्रामीणों की नजर ऑनलाइन राजस्व नक्शे में सड़क के अंतिम रूप से दर्ज होने की प्रक्रिया पर है।