मूंगफली कोड़कर दामाद के घर से लौट रहे थे दंपती, सलका-करौटी मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा; गांव में पसरा मातम…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️
सूरजपुर। जिले के भैयाथान थाना क्षेत्र अंतर्गत सलका-करौटी मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 12 वर्षीय नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दंपती अपने दामाद के घर से मूंगफली कोड़ने का काम पूरा कर वापस गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपती को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, भैयाथान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवरा निवासी देवनाथ पिता लालसाय यादव अपनी पत्नी मनबसिया और 12 वर्षीय नाती आशीष के साथ बाइक से ग्राम टईयां स्थित अपने दामाद के घर गए थे। वहां तीनों मूंगफली कोड़ने के काम में लगे हुए थे। शुक्रवार की शाम काम समाप्त होने के बाद वे चंदरपुर रोड से मुख्य मार्ग की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 15 ED-1246 की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक ने बाइक सवारों को बचाने का काफी प्रयास किया। उसने ट्रक को सड़क के दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद टक्कर को टाला नहीं जा सका। हादसे के दौरान मनबसिया ट्रक के नीचे आ गईं, जबकि देवनाथ बाइक सहित ट्रक के सामने घिसटते हुए दूर जा पहुंचे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार 12 वर्षीय आशीष उछलकर दूर जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, अधिकारियों ने लिया जायजा :-
हादसे की सूचना मिलते ही चेंद्रा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, भैयाथान थाना प्रभारी तथा भटगांव तहसीलदार शिवनारायण राठिया भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, मृतक पति-पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से तत्काल मुआवजा प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
एक साथ उठी पति-पत्नी की अर्थी, गांव में पसरा मातम :-
एक ही परिवार के दो सदस्यों की सड़क हादसे में असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन शवों को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं, ग्राम केवरा में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल है। जिस दंपती के साथ परिवार की खुशियां जुड़ी थीं, उनकी एक साथ हुई मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।