Headlines

पहली बारिश में बह गई 8 लाख की पुलिया, दो साल बाद भी नहीं हुआ पुनर्निर्माण , 1200 ग्रामीण परेशान…

 

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता……✍️

सूरजपुर। जिले के भैयाथान ब्लॉक के ग्राम पंचायत सांवरिया में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां वर्ष 2024 में मनरेगा मद से 8 लाख रुपये की लागत से बनाई गई पुलिया पहली ही बारिश में पानी के तेज बहाव में बह गई। निर्माण में गड़बड़ी सामने आने पर विभाग ने ग्राम पंचायत से मजदूरी मद की 1.20 लाख रुपये की राशि की वसूली भी कर ली। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत का पूरा भुगतान रोक दिया गया, लेकिन हैरानी की बात है कि वसूली के दो साल बाद भी क्षतिग्रस्त पुलिया का दोबारा निर्माण नहीं कराया जा सका है।

पुलिया नहीं होने का खामियाजा अब करीब 1200 ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात के तीन महीने गांव के लोगों के लिए आवागमन बड़ी समस्या बन जाता है। मेंता नाले में पानी का जलस्तर बढ़ते ही बैजनाथपुर का एक हिस्सा टापू में तब्दील हो जाता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती। ऐसे में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा से लेकर रोजमर्रा के कामों तक के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

दरअसल, ग्राम पंचायत सांवरिया के मुख्य मार्ग से मेंता नाला होते हुए बैजनाथपुर अटल चौक तक पहुंच मार्ग पर वर्ष 2024 में जिला पंचायत के मनरेगा मद से करीब 8 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पुलिया बनने से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या दूर होगी, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब रही कि पहली बारिश में ही पानी के तेज बहाव में पुलिया का ऊपरी हिस्सा बह गया। इसके बाद पुलिया अनुपयोगी हो गई और ग्रामीणों की मुश्किलें पहले जैसी ही बनी रहीं।

जनदर्शन से अधिकारियों तक लगाई गुहार, फिर भी नहीं हुई सुनवाई :-

पुलिया के पुनर्निर्माण को लेकर ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं। जनदर्शन में आवेदन देने के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और एसडीएम तक अपनी समस्या पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। दो साल से क्षतिग्रस्त पुलिया उसी हालत में पड़ी हुई है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब निर्माण में गड़बड़ी सामने आने के बाद जिम्मेदार निर्माण एजेंसी से राशि की वसूली कर ली गई और विभाग को पैसा भी वापस मिल गया, तो फिर पुलिया का पुनर्निर्माण क्यों नहीं कराया गया? आखिर कब तक करीब 1200 ग्रामीणों को एक पुलिया के अभाव में बरसात के दौरान आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ेगी? सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है, जब किसी मरीज या आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की जरूरत पड़ती है और नाले में पानी बढ़ने से गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

अधिक क्षमता वाली पुलिया के लिए नए सिरे से होगा सर्वे :-

इस मामले में जनपद पंचायत भैयाथान के सीईओ विनय गुप्ता ने बताया कि पुलिया का निर्माण सही तरीके से नहीं हुआ था। बारिश में पुलिया बहने के बाद निर्माण की राशि की वसूली कर ली गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान पर पुलिया का दोबारा निर्माण कराने के लिए 8 लाख रुपये से अधिक की राशि की आवश्यकता होगी। इसलिए फिलहाल उसी राशि में पुनर्निर्माण संभव नहीं है। नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा तथा अधिक क्षमता वाली बड़ी पुलिया के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

अब सवाल यह है कि सर्वे और प्रस्ताव की प्रक्रिया पूरी होने तक ग्रामीणों को कब तक परेशानी उठानी पड़ेगी? दो साल से इंतजार कर रहे बैजनाथपुर के लोगों को आखिर कब सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी…?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top