सूरजपुर। पत्नी की बेरहमी से हत्या के मामले में करीब चार वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद फास्ट ट्रैक न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी पति जगदीश पैंकरा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत उसे दोषी ठहराते हुए एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोषी को तीन माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
शराबखोरी, पत्नी के चरित्र पर संदेह और घरेलू विवाद से शुरू हुई इस कहानी का अंत एक परिवार के उजड़ने के रूप में हुआ। पति के हमले में पत्नी मुन्नी की जान चली गई और दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। हालांकि, अदालत ने दोषी को सजा सुनाने के साथ ही मां को खो चुके दोनों बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा भी की है।
लकड़ी के फराठी से किया था जानलेवा हमला :-
दरअसल, यह मामला जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव का है। अभियोजन के अनुसार, 8 मई 2022 की सुबह जगदीश पैंकरा ने अपनी पत्नी मुन्नी के साथ लकड़ी के फराठी (बत्ता) से बेरहमी से मारपीट की थी। हमले में उसके सिर, चेहरे, पैर और जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के शव का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. संजीव खाखा ने शरीर पर नौ बाहरी चोटों की पुष्टि की थी। चिकित्सकीय परीक्षण में सिर के भीतर रक्त जमा होने, बाईं टांग की हड्डियों में फ्रैक्चर और बाएं हाथ के अंगूठे की हड्डी टूटने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि ये चोटें किसी कठोर एवं भोथरी वस्तु से पहुंचाई गई थीं और मृत्यु कारित करने के लिए पर्याप्त थीं।
शराबखोरी और चरित्र पर संदेह को लेकर होता था विवाद :-
न्यायालय में सुनवाई के दौरान मृतका के भाई ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसके अनुसार, मुन्नी अक्सर अपने पति की शराब पीने की आदत, चरित्र पर संदेह करने, मारपीट करने और घर से चले जाने की धमकी देने की शिकायत करती थी। अभियोजन के मुताबिक, घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर पत्नी पर लकड़ी के फराठी से हमला कर दिया था।
प्रत्यक्षदर्शी नहीं, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध :-
इस मामले में वारदात को अपनी आंखों से देखने वाला कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह सामने नहीं आया था। ऐसे में अभियोजन के सामने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराध साबित करने की चुनौती थी। पुलिस जांच के दौरान गवाहों के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया।
आरोपी की निशानदेही पर खून लगा लकड़ी का फराठी और जींस पैंट बरामद की गई थी। एफएसएल रिपोर्ट में दोनों वस्तुओं पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा घटना के बाद आरोपी का अस्पताल से चले जाना और पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होना भी सुनवाई के दौरान विचारणीय बिंदु रहे।
न्यायालय ने साक्ष्यों को माना विश्वसनीय :-
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक न्यायालय) सूरजपुर के पीठासीन अधिकारी आनन्द प्रकाश वारियाल ने मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। बचाव पक्ष की दलीलों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने गवाहों के बयान, चिकित्सकीय निष्कर्ष और फॉरेंसिक रिपोर्ट को विश्वसनीय पाया। अंततः हत्या का अपराध संदेह से परे प्रमाणित होने पर जगदीश पैंकरा को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
मां को खो चुके दोनों बच्चों को मिलेगी आर्थिक सहायता :-
इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील पहलू उन दो मासूम बच्चों का भविष्य है, जिन्होंने अपनी मां को हमेशा के लिए खो दिया है। न्यायालय ने बच्चों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 396(2) के तहत छत्तीसगढ़ पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना 2018 के अनुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा की है। इसके लिए निर्णय की प्रमाणित प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर को भेजने का निर्देश दिया गया है।
आमगांव की यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि नशे की लत, आपसी अविश्वास और घरेलू हिंसा किस तरह हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर सकती है। एक व्यक्ति के हिंसक कदम ने न केवल एक महिला की जिंदगी छीन ली, बल्कि दो मासूम बच्चों को मां के प्यार और संरक्षण से भी वंचित कर दिया।
न्यायालय के इस फैसले से जहां हत्या के दोषी को उसके अपराध की सजा मिली है, वहीं पीड़ित बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में आर्थिक सहायता की अनुशंसा भी महत्वपूर्ण कदम है। यह मामला समाज को संदेश देता है कि घरेलू विवादों को हिंसा में बदलने से रोकना, नशे से दूर रहना और समय रहते उचित सहायता लेना बेहद जरूरी है। क्योंकि आवेश में उठाया गया एक हिंसक कदम केवल एक जिंदगी खत्म नहीं करता, बल्कि कई जिंदगियों को उम्रभर के दर्द और संघर्ष के हवाले कर जाता है।