चक्रवात के असर से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका, कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश….
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर। बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय चक्रवाती तूफान के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश एवं तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए सूरजपुर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सूरजपुर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर के पत्र क्रमांक GENS-21/2226/2026/20-3, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के परिपालन में यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में मौसम विभाग की चेतावनी का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि चक्रवात के कारण जिले में भारी वर्षा एवं तेज हवाओं की आशंका है। ऐसी परिस्थितियों में छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के दौरान संभावित परेशानियों और जोखिम से बचाने के उद्देश्य से यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुआ आदेश :-
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूरजपुर जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को एक दिन का अवकाश रहेगा। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना :-
जिले के सभी विद्यालयों में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। अभिभावकों से अपील है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। संभावित भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
आदेश का विवरण :-
– जारीकर्ता: कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, सूरजपुर
– आदेश क्रमांक: 8976 / विविध / जिशिअअधि / 2026-27
– आदेश दिनांक: 29 अक्टूबर 2026
– अवकाश की तिथि: शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
– प्रभावित संस्थान: जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय
– आदेश की स्थिति: तत्काल प्रभावशील