किसानों को फसल बचाने की सलाह, बस्तर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश की आशंका….
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ने की आशंका है। 27 से 29 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम में बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ दलहन, तिलहन और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कटाई रोकने और काटकर रखी गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के बस्तर, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों में बारिश हो सकती है। बस्तर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
धान की फसल गिरने का खतरा :-
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विशेषज्ञों ने मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल प्रदेश में जल्दी पकने वाली धान की फसल की कटाई जारी है। ऐसे में किसानों को मौसम सामान्य होने तक कटाई रोकने और खेतों में रखी फसल को सुरक्षित करने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मध्यम और देर से पकने वाली धान की फसल के लिए हल्की बारिश फायदेमंद हो सकती है, लेकिन तेज बारिश होने पर धान की बालियां गिरने का खतरा है। वहीं, बेमौसम बारिश और बादलों के कारण दलहन-तिलहन की फसलों में कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है। सब्जियों के खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने की आशंका भी है।
कृषि मंत्री और आयुक्त ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश :-
चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए किसान कल्याण मंत्री राम विचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
कृषि विशेषज्ञों ने मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बुवाई का कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू करने की सलाह दी है। तेज हवा की संभावना को देखते हुए करेला और लौकी जैसी बेल वाली फसलों, केले के पौधों तथा फलदार वृक्षों को आवश्यकतानुसार सहारा देने को कहा गया है। सब्जियों के खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने और बारिश के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह भी दी गई है।
28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना :-
मौसम के संभावित पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर को बस्तर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28 अक्टूबर को बस्तर और उससे लगे रायपुर तथा दुर्ग संभाग के जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की आशंका है।
29 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसका प्रभाव बिलासपुर संभाग के जिलों में भी देखने को मिल सकता है। 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री :-
प्रदेश में पिछले चार दिनों से मौसम शुष्क रहने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही थी। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में रात का तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश में रात के समय ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप का असर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की दिशा में बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान में दोबारा गिरावट नवंबर महीने में होने की संभावना जताई गई है।
किसानों से अपील :- मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखें, कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि संभावित बारिश और तेज हवाओं से फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।