करमा त्योहार मनाने घर से निकला था रामसुंदर, नदी पार करते समय गहरे पानी में डूबा; घटनास्थल से 6 किलोमीटर दूर मिला शव…..
CG Samachar24.in
संचालक :-दीपक गुप्ता…✍️
सूरजपुर। जिले के रमकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टमकी माझापारा निवासी 45 वर्षीय युवक का शव तीन दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद रविवार 25 अक्टूबर को भबरा नदी से बरामद किया गया। डीआरएफ सूरजपुर की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर नदी से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टमकी माझापारा निवासी रामसुंदर पिता बेचन राम, उम्र 45 वर्ष, 22 अक्टूबर को करमा त्योहार मनाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसी दौरान भबरा नदी पार करते समय वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन नदी के पास पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
तेज बहाव के बीच डीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान :-
घटना की सूचना 23 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे डीआरएफ टीम सूरजपुर को मिली। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया। नदी में पानी का तेज बहाव और रात होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद जवानों ने लगातार खोजबीन जारी रखी। अगले दिन भी नदी में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
तीसरे दिन घटनास्थल से 6 किलोमीटर दूर मिला शव :-
दो दिनों तक लगातार प्रयास करने के बावजूद युवक का शव नहीं मिल सका। इसके बाद डीआरएफ के जवानों ने तीसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी रखा। आखिरकार रविवार 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे घटनास्थल से लगभग 6 किलोमीटर दूर नदी में रामसुंदर का शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।