Headlines

दशहरे का मेला देखने गया था शिक्षक का परिवार, पीछे से चोरों ने घर  खंगाला

सतपता के चंद्रिकापारा में चोरी की वारदात, 23 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवर गायब; ढाई से तीन लाख रुपये की चोरी का अनुमान….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सतपता के चंद्रिकापारा में दशहरे की रात चोरों ने एक शिक्षक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। विजयादशमी का मेला देखने गया शिक्षक का परिवार जब रात में घर लौटा, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियों की तलाशी लेने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

ताला तोड़कर घर में घुसे चोर, आलमारियां खंगालीं :-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक देवचरण राम सूरजपुर जिला मुख्यालय स्थित एक स्कूल में पदस्थ हैं। वे अपने परिवार के साथ बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सतपता के चंद्रिकापारा में रहते हैं। मंगलवार की रात विजयादशमी के अवसर पर वे परिवार सहित मेला देखने गए थे। घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रात करीब 8 से 10 बजे के बीच मुख्य प्रवेश द्वार का ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए।

चोरों ने घर में रखी दो आलमारियों के लॉक तोड़कर उनमें रखे 23 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने के झुमके, अंगूठी, चेन, चांदी की पायल सहित अन्य सामान शामिल बताए गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर लौटते ही उड़ गए परिवार के होश :-

रात करीब 10 बजे मेला देखकर शिक्षक और उनके परिवार के सदस्य घर पहुंचे, तो दरवाजे का ताला टूटा देखकर हैरान रह गए। भीतर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और दोनों आलमारियों के लॉक टूटे हुए थे। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद शिक्षक ने तत्काल बिश्रामपुर थाने पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, फिंगरप्रिंट जुटाकर जांच शुरू :-

सूचना मिलने के बाद बिश्रामपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट जुटाए हैं, ताकि आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी गांव में अलग-अलग घरों के ताले टूटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ग्रामीणों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस स्थानीय संदिग्ध युवकों की संभावित संलिप्तता सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित :-

सतपता के चंद्रिकापारा में शिक्षक के घर हुई इस चोरी ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में घरों की सुरक्षा और रात्रिकालीन गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच के जरिए आरोपियों तक कब पहुंचती है और चोरी गए सामान की बरामदगी में कितनी सफलता मिलती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top