Headlines

बस किराया बढ़ने से ग्रामीणों की जेब पर बढ़ा बोझ, रायपुर का सफर ₹1,000 तक पहुंचा…..

 

पांच साल बाद किराये में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी, इलाज और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी…..

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों का किराया बढ़ने का असर अब ग्रामीण बाहुल्य क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। सूरजपुर जिले में बड़ी आबादी गांवों में निवास करती है, जहां लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन यात्री बसें हैं। ऐसे में बस किराये में हुई बढ़ोतरी ने ग्रामीणों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर यात्री बसों की नई किराया दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों की बसों के किराये में वृद्धि की गई है। जानकारी के अनुसार, प्रति किलोमीटर किराये में पहले की तुलना में 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। राज्य सरकार ने बस किराये में 40 प्रतिशत तक वृद्धि की है, जिसका असर सूरजपुर जिले में भी देखने को मिल रहा है।

रायपुर और बनारस का सफर हुआ महंगा :-

बस किराये में बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। लक्जरी बसों से सूरजपुर से रायपुर जाने का किराया, जो पहले लगभग 700 रुपये था, अब बढ़कर 900 से 1,000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं सूरजपुर से बनारस जाने वाली बसों का किराया भी पहले के 500 से 700 रुपये की तुलना में बढ़कर 1,000 रुपये तक बताया जा रहा है।

किराये में अचानक हुई इस बढ़ोतरी के कारण उन यात्रियों को अधिक परेशानी हो रही है, जिन्हें नई दरों की जानकारी नहीं है। यात्रा के दौरान अधिक किराया चुकाने से यात्रियों का बजट बिगड़ रहा है।

इलाज कराने जाने वाले मरीजों पर भी पड़ेगा असर :-

सूरजपुर जिले से बड़ी संख्या में यात्री रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों में इलाज कराने जाते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की ओर भी यात्रियों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में बस किराये में बढ़ोतरी सीमित आय वाले परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बसों पर निर्भर लोगों के सामने अब यात्रा खर्च को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है। रोजाना बस से ड्यूटी करने वाले विभागीय कर्मचारियों और निजी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों का मासिक परिवहन खर्च भी बढ़ने की आशंका है।

डीजल-पेट्रोल की कीमतों का दिया जा रहा हवाला :-

बस किराये में बढ़ोतरी को लेकर लोगों का कहना है कि महंगाई का असर पहले से ही घरेलू बजट पर पड़ रहा है। अब यात्रा महंगी होने से आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों का यह भी कहना है कि किराया बढ़ाने के साथ-साथ बसों में सुविधाओं, समयबद्ध संचालन और यात्री सेवाओं में भी सुधार किया जाना चाहिए।

दूसरी ओर, परिवहन विभाग का कहना है कि करीब पांच साल बाद बस किराये में वृद्धि की गई है। विभाग के अनुसार, शासन के आदेश के तहत नई दरें लागू की गई हैं।

जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज ने बताया कि शासन के आदेशानुसार बस किराये में वृद्धि की गई है। करीब पांच साल बाद किराया बढ़ाया गया है। डीजल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि के कारण यह कदम उठाना पड़ा है।

किराया बढ़ा, सुविधाओं में सुधार की मांग :-

बस किराये में बढ़ोतरी के बाद सूरजपुर जिले के यात्रियों के बीच महंगाई और यात्रा खर्च को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों के लिए यह बढ़ोतरी मुश्किल पैदा कर रही है, जिनकी आमदनी सीमित है और जिन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए बसों से यात्रा करनी पड़ती है।

यात्रियों की मांग है कि बढ़े हुए किराये के अनुरूप बस सेवाओं की गुणवत्ता, नियमित संचालन और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में भी सुधार किया जाए, ताकि महंगे सफर के बीच आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top