Headlines

कुबेरपुर हादसे पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का सख्त रुख, पुलिस-प्रशासन को लगाई फटकार….

महिला की मौत के बाद ग्रामीणों के आक्रोश पर उठाए सवाल, क्रशर प्लांट और ट्रैक्टर के दस्तावेजों की जांच के निर्देश….

CG Samachar 24. in

संचालक :-दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में सड़क हादसे के बाद उपजे तनाव के बीच मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। 17 अक्टूबर की दोपहर गिट्टी लोड तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद के साथ न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि क्रशर प्लांट में आगजनी के आरोप में छह ग्रामीणों के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी कर ली गई, लेकिन जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, उसके दस्तावेजों, क्रशर प्लांट की वैधता और गिट्टी के कथित अवैध परिवहन की जांच को लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने इसे कार्रवाई में दोहरे मापदंड का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

ग्रामीणों की शिकायतें सुन अधिकारियों से किए सवाल :-

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों को आमने-सामने बैठाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को पकड़कर उनके साथ एकतरफा कार्रवाई की। कुछ ग्रामीणों ने घरों से लोगों को उठाने और पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की शिकायत भी की।

ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में गिट्टी से लदे ट्रैक्टर का तेज रफ्तार से संचालन हो रहा था। इसके बावजूद ट्रैक्टर मालिक और कथित अवैध परिवहन के संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इन शिकायतों पर मंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि आगजनी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हुई, लेकिन हादसे से जुड़े ट्रैक्टर और क्रशर प्लांट की वैधता की जांच अब तक क्यों नहीं हुई?

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि ट्रैक्टर के दस्तावेजों या क्रशर प्लांट के संचालन में अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

हादसे और आगजनी के बीच छह घंटे तक क्या करता रहा प्रशासन…? :-

मंत्री ने घटनाक्रम के समय को लेकर भी पुलिस-प्रशासन से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जबकि आगजनी की घटना शाम 6 से 7 बजे के बीच हुई। ऐसे में इन पांच से छह घंटों के दौरान प्रशासन ने स्थिति को संभालने और ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने के लिए क्या कदम उठाए?

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाता, तो तनाव को बढ़ने से रोका जा सकता था। मंत्री ने इसे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में गंभीर कमी बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की जरूरत पर बल दिया।

ट्रैक्टर और क्रशर की जांच के निर्देश, निर्दोषों को न्याय दिलाने का भरोसा :-

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संबंधित अधिकारियों को गिट्टी लोड ट्रैक्टर के दस्तावेजों, क्रशर प्लांट के संचालन की वैधता और कथित अवैध परिवहन की गहन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में अनियमितता सामने आने पर ट्रैक्टर मालिक सहित संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

साथ ही उन्होंने निर्दोष ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने देने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस हिरासत में मारपीट की शिकायतों पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा ग्रामीणों की शिकायतों पर उचित कार्रवाई होने तक मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

अब निगाहें जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर: कुबेरपुर की इस घटना ने सड़क सुरक्षा, क्रशर संचालन, गिट्टी परिवहन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई सवाल खड़े किए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस-प्रशासन संबंधित शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top