Headlines

नाहर सिंह हत्याकांड में बड़ा खुलासा, आरोपी की मौत के बाद सामने आई हत्या की कहानी…….

सोनपुर बरपारा में नाले के पानी में मिला था युवक का शव, पत्नी और बेटी के बयान से पुलिस को मिली अहम जानकारी….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी अंतर्गत ग्राम सोनपुर बरपारा में नाहर सिंह की हत्या के मामले में जांच के दौरान अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले में पुलिस जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ और मृतक की पत्नी व पुत्री के बयानों से बालगोविन्द सिंह पर हत्या करने का संदेह सामने आया। हालांकि, आरोपी बालगोविन्द की भी 14 अक्टूबर को फांसी लगाने से मौत हो गई थी।

10 अक्टूबर की रात से लापता था नाहर सिंह :-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने बसदेई चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर 2026 की रात उनका पुत्र नाहर सिंह लापता हो गया था। इसके बाद 12 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि नाहर सिंह का शव खेत के पास नाले के पानी में पड़ा हुआ है। शव के सिर पर चोट के निशान थे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 760/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम :-

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस टीम गठित की गई और विवेचना के दौरान लगातार संदिग्धों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की गई।

पत्नी और बेटी के बयान से सामने आई अहम जानकारी :-

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 14 अक्टूबर 2026 को ग्राम सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह ने अपने खेत में स्थित पेड़ पर फांसी लगा ली थी। इसके बाद 17 अक्टूबर को ग्रामीणों से पूछताछ के क्रम में बालगोविन्द की पत्नी और पुत्री ने पुलिस को बताया कि नाहर सिंह कथित तौर पर उसे परेशान करता था। इस बात से परिवार के लोग भी परेशान रहते थे। उनके अनुसार, बालगोविन्द कई बार नाहर सिंह को मार डालने की बात कह चुका था।

परिजनों के बयानों के मुताबिक, 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान नाहर सिंह ने अपनी पत्नी और बेटे को फोन कर पूछा कि वे घर कब आएंगे। इसके बाद नाहर सिंह अपने घर चला गया।

कुछ देर बाद बालगोविन्द घर आया और टांगी लेकर बाहर निकला। करीब एक घंटे बाद वह वापस लौटा। अगले दिन वह देर से सोकर उठा और गुमसुम रहने लगा।

शव मिलने के बाद पत्नी के सामने किया था कथित खुलासा :-

परिजनों के अनुसार, 12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी शव देखने गया था। वहां पुलिस को देखकर वह वापस घर लौट आया। पत्नी को उसने कथित तौर पर बताया कि उसने नाहर सिंह को मार दिया है और अब परिवार को कोई परेशान नहीं करेगा। इसके बाद उसने उपचार कराने जाने की बात कही और घर से निकल गया।

पुलिस जांच में सामने आए इन बयानों के आधार पर नाहर सिंह की हत्या में बालगोविन्द की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। चूंकि बालगोविन्द की भी मौत हो चुकी है, इसलिए मामले में घटनाक्रम, उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस की विवेचना महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top