राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में भैयाथान की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, खुशी और सुनीता का राज्य स्तर पर चयन….

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर / भैयाथान। राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भैयाथान की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एथलेटिक्स, खो-खो और शतरंज में छात्राओं की उपलब्धियों से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्यालय की कुमारी खुशी सिंह ने 100 मीटर दौड़ एवं ऊंची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी सुनीता सिंह ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अब वे जगदलपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भैयाथान का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इसी प्रकार खो-खो प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। संभाग स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंजू सिंह, सीता पंडो, गीता पंडों, मंजू सिंह, मोनिका राजवाड़े, रूबी बखला, रानू यादव, खुशी सिंह, सुनीता एवं अंकिता शामिल हैं।

वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की छात्रा कुमारी वर्षा सिंह ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उन्होंने बालोद में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और महज एक अंक के अंतर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित होने से चूक गईं। उनका प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव का विषय रहा।

छात्राओं की इन उपलब्धियों से विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ में हर्ष व्याप्त है। उनकी सफलता को पूरे भैयाथान क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top