सूरजपुर / भैयाथान। टेंगनी चौक से बंजा तक जाने वाली सड़क इन दिनों जगह – जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर चार से पांच फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि टेंगनी में चल रहे रेलवे दोहरीकरण कार्य के दौरान भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बन रहे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
बारिश में बढ़ जाता है दुर्घटना का खतरा :-
सड़क पर पानी भरने के बाद दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। पानी के नीचे मौजूद गड्ढों का पता नहीं चलने के कारण वाहन असंतुलित होने तथा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, बड़े गड्ढों के कारण कई जगह चारपहिया वाहन भी सड़क से टकराते हुए गुजर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे दोहरीकरण कार्य के दौरान भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग अथवा संबंधित एजेंसी की ओर से ठोस पहल नहीं की गई है।
जिम्मेदार एजेंसी से मरम्मत की मांग :-
ग्रामीणों और राहगीरों ने मांग की है कि टेंगनी चौक से बंजा तक सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों ने सड़क निर्माण एवं रेलवे कार्य से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल बदहाल सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है और लोगों को हर दिन जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सूरजपुर के ईई ललित भोई ने कहा कि पुरे मामले को दिखवाता हूँ संबंधित रेलवे एजेंसी से बात कर के सुचारू आवागमन की व्यवस्था करते हैं ।