विश्रामपुर पुलिस की कार्रवाई – केशवनगर बिजली दुकान समेत 3 चोरियों का खुलासा, दो अपचारी बालक पकड़े गए , चोरी का सामान खरीदने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार…..

 

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर/विश्रामपुर। केशवनगर स्थित बिजली दुकान में हुई चोरी के मामले का विश्रामपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पूछताछ में उनके द्वारा क्षेत्र में तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम केशवनगर निवासी नूरैन सिद्दीकी ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि केशवनगर मेन रोड स्थित उनकी बिजली दुकान का 05 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ दिया और दुकान से कॉपर केबल सहित करीब 1 लाख 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर थाना विश्रामपुर में अपराध क्रमांक 216/26, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में विश्रामपुर पुलिस ने विवेचना शुरू की।

पूछताछ में तीन चोरियों का खुलासा :-

विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने केशवनगर स्थित बिजली दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर अम्बिकापुर निवासी इम्तियाज खान को बेच दिया था।

पूछताछ में दोनों ने 12 जून 2026 को विश्रामपुर की 1-बी कॉलोनी निवासी मिथलेश गुप्ता के घर से करीब 51 हजार रुपये नगद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक चोरी के जेवर अर्जुन सोनी को बेच दिए गए, जबकि नगद रकम खर्च कर दी गई।

इसी तरह 1-बी कॉलोनी मंगतराम चौक निवासी संतोष साहू के घर से करीब 50 हजार रुपये नगद एवं सोने-चांदी के जेवर चोरी कर अर्जुन सोनी को बेचने की बात भी सामने आई।

चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपी गिरफ्तार :-

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में इम्तियाज खान पिता नसीम खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी मोमिनपुरा, थाना कोतवाली अम्बिकापुर तथा अर्जुन सोनी पिता संतोष सोनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी तलवापारा शिवनंदनपुर को पकड़ा है।

दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया है। पुलिस ने इम्तियाज खान के कब्जे से 7 किलो 500 ग्राम केबल वायर बरामद किया है।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना एवं अन्य चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top