निजी क्लीनिकों की मनमानी से जिला मुख्यालय का नवापारा मुख्य मार्ग बेहाल…!

पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़क पर खड़े वाहनों से रोज लग रहा जाम—जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल…?

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। जिला मुख्यालय के व्यस्त नवापारा मेन रोड पर संचालित कई निजी क्लीनिकों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। मरीजों और उनके परिजनों के वाहन मुख्य सड़क के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नवापारा मुख्य मार्ग जिला चिकित्सालय, संयुक्त कार्यालय सहित प्रशासन के कई महत्वपूर्ण कार्यालयों को जोड़ता है। ऐसे में इस मार्ग पर सुबह से शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े होने से कई बार सड़क संकरी हो जाती है और जाम जैसी स्थिति निर्मित होती है।

क्लीनिकों के बाहर सड़क बनी पार्किंग :-

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई निजी क्लीनिकों में मरीजों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नजर नहीं आती। ऐसे में वाहन चालक मजबूरी में सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं। सवाल यह है कि यदि किसी संस्थान में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है तो उसके संचालन के दौरान यातायात और आम नागरिकों की सुविधा को लेकर जिम्मेदारी किसकी है?

मुख्य मार्ग पर आड़े-तिरछे खड़े वाहन न केवल यातायात बाधित कर रहे हैं, बल्कि किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहनों के आवागमन में भी परेशानी पैदा कर सकते हैं।

( काल्पनिक छायाचित्र )

आवारा मवेशी भी बढ़ा रहे परेशानी :-

इसी मार्ग पर घूमने वाले आवारा मवेशी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क पर खड़े वाहन और घूमते मवेशियों के कारण वाहन चालकों को कई बार अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

जिम्मेदार विभाग कब लेंगे सुध..? :-

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभाग आखिर कब गंभीर होंगे? क्या निजी क्लीनिकों की पार्किंग व्यवस्था की जांच की जाएगी? क्या मुख्य मार्ग पर सड़क घेरकर खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी? और क्या आवारा मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था बनाई जाएगी?

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि नवापारा मुख्य मार्ग सहित शहर के अन्य व्यस्त मार्गों का निरीक्षण कर निजी क्लीनिकों की पार्किंग व्यवस्था की जांच की जाए। साथ ही सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है या फिर नवापारा मुख्य मार्ग की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top