बारिश का कहर: दर्जनभर गरीबों के आशियाने धराशाई, कई मकान जर्जर….
मुआवजा दिलाने की मांग पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिए जांच के निर्देश…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर/भैयाथान। विगत पखवाड़े भर से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में गरीब परिवारों के कच्चे और छप्परपोश मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश के चलते दर्जनभर आशियाने धराशाई हो गए हैं, जबकि कई छप्परपोश मकान बुरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता रक्षेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह को देकर प्राकृतिक आपदा राहत के तहत प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवप्रसादनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवप्रसादनगर के गढ़ीपारा निवासी शिव प्रसाद कुशवाहा, ग्राम पंचायत बड़सरा निवासी नागेश्वर चक्रधारी, कमलेश्वर साहू, स्व. हरि चक्रधारी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू के ब्रिक्स प्लांट, ग्राम पंचायत बस्कर निवासी रामचंद्र, मनिजर एवं बालम सिंह, तथा कुर्रीडीह निवासी सुमित्रा सिंह, गुलाल सिंह, दनौली निवासी होलसाय राजवाड़े एवं भैयालाल राजवाड़े के छप्परपोश मकान बारिश के कारण गिर गए हैं।
वहीं क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीणों के मकानों को भी भारी क्षति पहुंचने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुके मकानों के गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान तहसीलदार को प्रभावित क्षेत्रों में जांच कर क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रभावित परिवारों को प्रशासनिक जांच के बाद प्राकृतिक आपदा राहत के तहत शीघ्र मुआवजा मिलने की उम्मीद है।





