बड़सरा – करौन्दामुड़ा सड़क पर गड्ढों की मरम्मत शुरू, बारिश ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी सड़क पर फंस रही गाड़ियां….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर / भैयाथान। बड़सरा से करौन्दामुड़ा  तक बदहाल सड़क की समस्या को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद अब सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि, मरम्मत कार्य शुरू होने के बावजूद फिलहाल वाहन चालकों को तत्काल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

बारिश के बीच गड्ढों में डाली जा रही मरम्मत सामग्री पानी और कीचड़ के साथ मिल जाने से सड़क की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार को सड़क पर देखने को मिली बदहाली की तस्वीर में कीचड़ और पानी से भरे हिस्से में एक बाइक फंस गई। बाइक चालक को वाहन निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने के कारण वाहन चालकों के लिए यह पता लगाना भी मुश्किल हो रहा है कि गड्ढा कितना गहरा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो जाती है। ऐसे में केवल गड्ढों में सामग्री डालने के बजाय सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत किए जाने की जरूरत है, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

खबर प्रकाशित होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है कि सड़क की समस्या का जल्द स्थायी समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top