सूरजपुर/भैयाथान। मांड़र गांव के पास से गुजरने वाली रेड नदी में बुधवार को मछली पकड़ने गया एक युवक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच नदी में फंस गया। युवक ने पूरी रात नदी के बीच खौफ के साए में बिताई। गुरुवार दोपहर जब उसने मदद के लिए आवाज लगाई, तब ग्रामीणों को उसके नदी में फंसे होने की जानकारी मिली।
नदी में फंसा ग्रामीण ग्राम मांड़र निवासी अशोक, पिता ननकू बताया जा रहा है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भैयाथान निवासी शांतनु गोयल ने तत्काल एसडीएम चांदनी कंवर एवं थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।
नदी का तट काफी चौड़ा होने और नदी के बीच फंसे युवक की दूरी अधिक होने के कारण उसे देख पाना भी काफी मुश्किल हो रहा था। इसके चलते रेस्क्यू टीम को स्थिति का आकलन करने में समय लगा।
फिलहाल एनडीआरएफ की टीम युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। युवक के सुरक्षित बाहर आने को लेकर प्रशासन एवं ग्रामीणों की नजरें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं।