घटिया भोजन और बदहाल व्यवस्थाओं से त्रस्त छात्राओं का फूटा आक्रोश, सड़क पर उतरीं सैकड़ों बालिकाएं….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम भूनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की कथित बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में सोमवार को सैकड़ों आदिवासी छात्राओं ने रामानुजनगर-कृष्णपुर (कालुवा) राज्य मार्ग पर धरना प्रदर्शन किया। भीषण धूप के बावजूद छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठीं, जिससे मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शन के दौरान कई छात्राएं अपनी समस्याएं बताते हुए भावुक हो गईं और फफक-फफक कर रो पड़ीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में लंबे समय से निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार सड़े-गले चावल, खराब सब्जियां और बेहद पतली दाल परोसी जाती है।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि साबुन, तेल और टूथपेस्ट जैसी दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराई जातीं और महीने में केवल नाममात्र के लिए दी जाती हैं।

अधीक्षिका की गैरमौजूदगी और बाहरी युवक की मौजूदगी पर सवाल…?

आंदोलित छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। छात्राओं का दावा है कि अधीक्षिका अक्सर छात्रावास में मौजूद नहीं रहतीं और उनके स्थान पर उनका 23 वर्षीय पुत्र छात्रावास की व्यवस्थाओं में दखल देता है।

बालिका छात्रावास में किसी बाहरी युवक की कथित लगातार मौजूदगी को लेकर छात्राओं ने सुरक्षा, संरक्षण और निजता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्राओं ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जर्जर भवन, टपकती छत और बंद पड़े पंखे :-

छात्राओं के मुताबिक छात्रावास का मुख्य भवन और रसोईघर भी जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या बनी रहती है। वहीं भीषण गर्मी के बावजूद कई पंखे खराब पड़े हैं। छात्राओं को सोने के लिए टूटी-फूटी चटाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों और छात्र नेताओं ने दिया समर्थन :-

छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और छात्र नेता मौके पर पहुंचे। जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू, विक्की यादव, हुसैन अंसारी और सुमंत राजवाड़े सहित कई लोगों ने छात्राओं की मांगों का समर्थन किया।

कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने कहा कि यह किसी राजनीति का विषय नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने छात्राओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की।

इन मांगों को लेकर छात्राओं ने जताया आक्रोश :-

छात्राओं और उनके समर्थकों ने प्रशासन के सामने प्रमुख रूप से मांग रखी कि —

– छात्रावास अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की जाए।

– बालिका छात्रावास में बाहरी युवक के प्रवेश और कथित हस्तक्षेप की उच्चस्तरीय जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

– राशन पंजी, स्टॉक रजिस्टर, मेन्यू तथा बिल-वाउचर का तत्काल भौतिक सत्यापन कराया जाए।

– जर्जर रसोईघर, खराब पंखों और पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

– छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासनिक टीम पहुंची, आश्वासन के बाद शांत हुआ प्रदर्शन :-

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तरीय प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

हालांकि, कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने चेतावनी दी है कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्रों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

नोट :- छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित छात्रावास प्रबंधन/विभाग का पक्ष इस रिपोर्ट में उपलब्ध नहीं है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top