किराएदार की हत्या का खुलासा, मकान मालिक गिरफ्तार….

20 साल से किराया नहीं देने को लेकर था विवाद, हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या का आरोप….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर मिशन चौक के पास किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। 21 अगस्त को मकान से दुर्गंध आने के बाद दरवाजा खोले जाने पर शोभा राम का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में मकान मालिक रामचंद्र पैंकरा (46 वर्ष) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर के मिशन चौक के पास स्थित मकान से लगातार दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। 21 अगस्त को जब मकान का दरवाजा खोला गया तो अंदर शोभा राम का शव पड़ा मिला। शव कई दिनों से पड़े रहने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका था। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। घटनास्थल पर खून के निशान भी पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और मकान मालिक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शोभा राम करीब 20 वर्षों से मकान में बिना किराया दिए रह रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते 16 अगस्त को रामचंद्र पैंकरा ने कथित तौर पर हथौड़े से शोभा राम के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव मकान के अंदर ही पड़ा रहा और 21 अगस्त को दुर्गंध फैलने के बाद घटना का खुलासा हुआ।

पुलिस ने संदेह के आधार पर रामचंद्र पैंकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

नोट: पुलिस द्वारा बताए गए आरोप जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top