सूरजपुर। कलेक्टर रेना जमील ने जिले का सघन दौरा कर शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत नयनपुर स्थित औद्योगिक परिक्षेत्र से हुई, जहां कलेक्टर ने 10 मेगावाट पावर प्लांट, सरिया निर्माण यूनिट तथा ब्रेड निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने पावर प्लांट की कार्यप्रणाली, रॉ मटेरियल और मशीनरी की जानकारी ली तथा संचालन में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सरिया निर्माण इकाई में उत्पादन प्रक्रिया का जायजा लिया, जबकि ब्रेड निर्माण इकाई में मशीनों, उत्पादन लागत, आपूर्ति व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
इसके बाद कलेक्टर भैयाथान पहुंचीं, जहां तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम पर लंबित प्रकरणों की स्थिति की स्वयं जांच की और फाइलों का अवलोकन किया। प्रकरणों के निराकरण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए समय-सीमा के भीतर मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं दाण्डिक शाखा, नकल शाखा तथा अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवेदनों और पंजी का अवलोकन किया। कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से भी व्यवस्थाओं को लेकर सीधी प्रतिक्रिया ली। तहसील न्यायालय में आरबीसी 6-4 के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने, जन्म प्रमाण पत्र जारी करने तथा आधार पंजीयन में निर्धारित शुल्क का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला शौचालय की मांग :- अधिवक्ता ए.पी. दास ने कलेक्टर के समक्ष रखी समस्या
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता ए.पी. दास ने न्यायालयीन कार्य से आने वाली महिलाओं की सुविधा का मुद्दा कलेक्टर के समक्ष उठाया। उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर में महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण महिला आगंतुकों एवं न्यायालयीन कार्य से आने वाली महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अधिवक्ता ए.पी. दास ने कलेक्टर से महिला शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग रखी, ताकि न्यायालय में आने वाली महिलाओं को आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके बाद जनपद कार्यालय में उपस्थिति पंजी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्वान कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान तथा विकसित भारत जी रामजी योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और हितग्राहियों को समय पर किश्त जारी करने के निर्देश दिए। उचित मूल्य राशन दुकान में स्टॉक का मिलान करते हुए वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।
भैयाथान स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने मरीजों से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों के पोषण और उपचार की स्थिति का जायजा लिया। शिशुवती माताओं से चर्चा कर उन्होंने बच्चों की देखभाल से संबंधित जरूरी जानकारी दी और स्वास्थ्य अमले को प्रत्येक माता को उचित मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत तरका में जल संचय से जुड़े कार्यों का निरीक्षण कर कलेक्टर ने किए गए प्रयासों की सराहना की और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना एवं नवाचार अपनाने पर जोर दिया।
दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने एकलव्य मॉडल रेसीडेंसियल स्कूल ओड़गी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की दर्ज संख्या की जानकारी ली और खेल गतिविधियों को लेकर विद्यार्थियों से बातचीत की। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में खेलकूद के साथ योग जैसी गतिविधियां भी नियमित रूप से कराई जाती हैं। इसके बाद एकलव्य आवासीय बालिका छात्रावास एवं रसोई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के इस सघन दौरे का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को मौके पर परखना तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।