शेयर करेंसी में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 8.50 लाख की ठगी, कैमूर से एक और आरोपी गिरफ्तार…..

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। शेयर करेंसी में रकम निवेश करने पर 4 से 6 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को रेवटी चौकी पुलिस ने बिहार के कैमूर जिले से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को चौकी रेवटी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि तीन व्यक्ति कार से उसके घर पहुंचे और शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का लालच देकर उससे 8 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने रकम के बदले एक बंद पैकेट दिया और उसमें 17 लाख रुपये होने की बात कही। बाद में पैकेट खोलने पर उसमें नोटों के आकार में काटकर रखे गए सादे कागज मिले, जिससे उसके होश उड़ गए।

पहले 10 हजार लगवाकर लौटाए 20 हजार :-

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले प्रार्थी का विश्वास जीतने के लिए उससे 10 हजार रुपये निवेश कराए और अगले दिन उसे 20 हजार रुपये वापस कर दिए। इससे प्रार्थी का आरोपियों पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने 10 लाख रुपये तक निवेश करने पर रकम 2 से 4 दिन में दोगुनी करने का झांसा दिया। आरोपियों की बातों में आकर प्रार्थी ने 8 लाख 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर दी।

दूसरे व्यक्ति के दस्तावेज पर जारी कराया था सिम : –

साइबर तकनीक से जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेज पर जारी हुआ था। जांच में वाराणसी निवासी मोबाइल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर एक ही आधार कार्ड और फोटो के आधार पर अतिरिक्त सिम जारी कर उसे आरोपी राजेश सिंह को 1500 रुपये में दिया था।
राजेश सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त सिम का इस्तेमाल ठगी की वारदात में किया। पुलिस पहले ही अमरेश मिश्रा निवासी वाराणसी और राजेश सिंह निवासी भगवानपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी।

कैमूर से पकड़ा गया फरार आरोपी :-

आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का एक आरोपी शाहजाद अंसारी पिता स्व. युसुफ अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार में मौजूद है। सूचना पर चौकी रेवटी पुलिस की टीम बिहार रवाना हुई और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर सूरजपुर लाई।
मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top