44 लाख का गांजा जब्त, बोलेरो छोड़ बाइक से भाग रहा तस्कर हुआ गिरफ्तार…..

प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद , कोरिया का आरोपी भेजा गया गया जेल….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता……✍️

सूरजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी बचरा निवासी उमरेश्र आजम उर्फ नान्हू खान (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में गांजा भरकर कोरिया जिले की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने रघुनाथपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर प्वाइंट लगाया।

इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक CG 16 CN 7570 वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेजी से बोलेरो लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान आरोपी बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपाकर दूसरे की बाइक से लिफ्ट लेकर भागने लगा। पुलिस ने उसे ग्राम ब्रह्मपुर के पास पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पुलिस से बचकर भागने के दौरान उसने गांजे से भरी बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपा दिया है। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर अस्पताल परिसर पहुंची और बोलेरो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी उमरेश्र आजम उर्फ नान्हू खान के खिलाफ धारा 20(बी)(II)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई :-

सूरजपुर एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका दुष्प्रभाव पड़ता है।

एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल :-

इस कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी एवं संतोष ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top