हाथी के हमले में किसान की मौत, शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम…..

वन विभाग पर हाथियों के विचरण की सूचना नहीं देने का आरोप, 20 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगरा में बुधवार शाम हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से खाद लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सिंगरा जंगल के पास हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन हाथी ने किसान को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक किसान की पहचान ग्राम सिंगरा निवासी रामलाल (52 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

खाद लेकर घर लौट रहा था किसान :-

जानकारी के अनुसार, रामलाल बुधवार दोपहर खाद लेने प्रतापपुर गया था। शाम को वह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान सिंगरा जंगल के समीप अचानक हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया।

हाथी को सामने देखकर रामलाल का साथी किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाई, जबकि रामलाल हाथी की चपेट में आ गया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान हाथी के हमले से मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।

साथी ने गांव पहुंचकर दी घटना की जानकारी :-

घटना के बाद रामलाल का साथी किसी तरह गांव पहुंचा और ग्रामीणों को हाथी के हमले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दिया।

शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम :-

गुरुवार सुबह परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान रामलाल का शव लेकर घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर पोड़ी मोड़ चौक पहुंचे। यहां शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया।

ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों का लगातार विचरण होने के बावजूद वन विभाग द्वारा समय रहते ग्रामीणों को इसकी जानकारी नहीं दी जाती है।

हाथियों से सुरक्षा के स्थायी समाधान की मांग :-

ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी से लोगों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है। आए दिन हाथियों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों से सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।

मौके पर पहुंचा वन विभाग और प्रशासनिक अमला :-

पोड़ी मोड़ चौक पर शव रखकर चक्काजाम किए जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, लगातार हो रही हाथी हमले की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और क्षेत्र में हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस एवं स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

घटना के बाद सिंगरा और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top