सूरजपुर। जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेण नदी पुलिया के पास गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम रजबहर निवासी रामबरन राम के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर झिलमिली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामबरन राम गुरुवार को अपने घर रजबहर से भैयाथान बैंक में पैसा निकालने के लिए निकले थे। वे भैयाथान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेण नदी पुलिया के पास अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से रामबरन राम गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद झिलमिली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर दुख और शोक का माहौल है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।