जंगल में मिला 16 वर्षीया किशोरी का शव, पुलिस जांच में जुटी….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के नगर पंचायत जरही के जंगलपारा क्षेत्र स्थित जंगल में गुरुवार सुबह एक 16 वर्षीया किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।

मृतका की पहचान भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंशीपुर के कोदवारीपारा निवासी किशोरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, किशोरी बुधवार शाम घर में विवाद के बाद घर से निकल गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से लगे जंगल में भी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने घर से लगे जंगल में किशोरी का शव पड़ा देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घर से संबंधित रस्सी होने की बात :-

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शव के पास मिली रस्सी उनके घर की ही बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, किशोरी पूर्व में भी दो-तीन बार घर से निकल चुकी थी, लेकिन बाद में वापस लौट आती थी। बताया जा रहा है कि मोबाइल को लेकर नाराजगी के बाद वह घर से निकली थी।

रस्सी टूटने से शव नीचे गिरने की आशंका :-

घटनास्थल पर पेड़ भी मौजूद है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि किशोरी ने पेड़ से फांसी लगाई होगी और बाद में रस्सी टूटने के कारण शव जमीन पर गिर गया होगा। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

घटनास्थल पर भटगांव थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक विनोद सिंह, दिनेश ठाकुर, राधेश्याम साहू सहित महिला पुलिसकर्मी और पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top